लखनऊ, , 11 नवंबर (हि.स.)। यूपी एटीएस ने जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आतंकी गतिविधियों में शामिल डॉक्टर शाहीन के भाई डॉ परवेज अंसारी को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए परवेज अंसारी से पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। उधर, शाहीन ने कुबूल किया है कि उसकी साजिश पूरे देश में धमाके करने की थी। शाहीन को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया था। इससे बाद एटीएस ने लखनऊ, सहारनपुर, शामली और कई जगह पर छापेमारी की थी। दिल्ली में लाल किला में कार में विस्फोट में भी इस माड्यूल का नाम शामिल है।
डॉ परवेज ने गुडंबा स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में वर्ष 2021 में सीनियर रेजिडेंट के तौर पर नौकरी शुरू की थी। 6 नवंबर को उसने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले एटीएस और जम्मू कश्मीर पुलिस ने मंगलवार सुबह मड़ियांव के मुत्तकीपुर में डॉ परवेज के घर पर छापा मारा था। घर पर तो कोई नहीं मिला था, लेकिन छापेमारी के दौरान घर से इलेक्ट्रानिक उपकरण , कार बाइक और कई अहम दस्तावेज बरामद हुए थे, जिन्हें टीम ने अपने कब्जे में ले लिया था।
48 घंटे पहले मोबाइल किया बंद
डॉ परवेज फरीदाबाद से गिरफ्तार की गई डॉक्टर शाहीन का भाई है। लखनऊ के अलावा सहारनपुर चौक में उसका क्लीनिक है। जांच में यह बात सामने आई है कि यह लोग एक दूसरे के संपर्क में रहते थे। कई कई घंटों दोनों में बातचीत होती थी। लेकिन 48 घंटे पहले परवेज ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था।
शाहीन के पिता से एटीएस ने की पूछताछ
डॉक्टर शाहीन के लाल बाग वाले घर पर मंगलवार को एटीएस और जम्मू कश्मीर पुलिस ने छापा मारा। यहां पर उसके पिता सईद अंसारी ने बताया कि वह डेढ़ वर्षों से परिवार के संपर्क में नहीं थी। वह प्रयागराज में एमबीबीएस की पढ़ाई करने के बाद कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मैट्रिक कॉलेज से असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुकी है। वर्ष 2013 में बिना नोटिस दिए वहां से जाना बंद कर दिया था। अनुपस्थित होने के कारण 2021 में उसे हटा दिया गया था। उसकी शादी महाराष्ट्र के जफर हयात से हुई थी, लेकिन मनमुटाव के चलते करीब 15 सालों से अलग रह रहे हैं। इसके बाद वह फरीदाबाद चली गई थी।
आतंकी संगठनों के संपर्क में थी शाहीन
फरीदाबाद से गिरफ्तार की गई जैश कमांडर डॉक्टर शाहीन के बारे में जांच के दौरान कई खुलासे हुए हैं । वह आतंकी संगठन जैश – ए – मोहम्मद के संपर्क में थी। उसे महिला विंग, जमात उल मोमिनात के लिए नेटवर्क खड़ा करने की जिम्मेदारी मिली थी। इसलिए अल फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़कर शिक्षित लोगों को तैयार कर रही थी।
आतंकी मुजम्मिल और शाहीन के बीच में थे प्रेम संबंध
आतंकी गतिविधियों में शामिल मुजम्मिल को जब जम्मू कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके पास जो कार मिली थी वो शाहीन के नाम पर थी। उसकी कार से एके 47 और कारतूस मिले थे। अब सुरक्षा जांच एजेंसी और जम्मू कश्मीर पुलिस इस मामले शाहीन से पूछताछ कर रही है। यह भी पता चला है कि मुजम्मिल और शाहीन के बीच प्रेम संबंध थे।
दो साल से विस्फोटक जुटा रही थी शाहीन
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शाहीन पिछले दो साल से विस्फोटक इकट्ठे कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक उसने पूछताछ में बताया है कि वह और उसके साथी आतंकी डॉक्टर पूरे देश में आतंकी हमले करने की साजिश रच रहे थे। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक पूछताछ में शाहीन ने बताया है कि मॉड्यूल में शामिल डॉक्टर अल अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में मिलते थे। डॉ. उमर उससे कहता था कि पूरे देश में कई आतंकी हमले करने हैं। वह, मुजम्मिल और अदील दो साल से अमोनियम नाइट्रेट इकट्ठा कर रहे थे। ये सब जैश-ए-मोहम्मद के इशारों पर किया जा रहा था।












