नई दिल्ली/कोलकाता/ओडिशा: दिल्ली के लाल किले में विस्फोट के बाद देशभर के सभी राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किला के पास सोमवार शाम को हुए विस्फोट के बाद रात भर सुरक्षा एजेंसियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार संपर्क में रहकर स्थिति की समीक्षा की। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी को गृह मंत्री अमित शाह और सुरक्षा खुफिया तंत्र द्वारा घटनास्थल तथा जांच की प्रगति पर लगातार ब्रीफिंग दी गई। वहीं, पीएम मोदी ने भूटान से कहा है कि सुरक्षा एजेंसियां दिल्ली विस्फोट की साजिश की जड़ तक पहुचेंगी। वहीं ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी दिल्ली विस्फोट के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पश्चिम बंगाल में मेट्रो स्टेशन पर विशेष निगरानी
पश्चिम बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। राज्य भर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क मोड पर हैं। कोलकाता समेत सभी जिलों में नाका चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। शहर में आने-जाने वाले सभी वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि घटना के तुरंत बाद लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय से सभी थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। मेट्रो स्टेशनों और उनके आस-पास के इलाकों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
हावड़ा और हुगली जिलों के सीमावर्ती थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नेपाल और बांग्लादेश सीमाओं से सटे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
ओडिशा में भी हाई अलर्ट, पुरी मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद ओडिशा में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है। राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से पुलिस विभाग के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में सुरक्षा उपायों को और अधिक सख्त किया गया है। पुरी श्रीमंदिर के लिए अलग से सुरक्षा बढ़ाई गई है। हवाई अड्डा और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इन स्थानों पर जांच और निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

















