Red fort Blast: दिल्ली में सोमवार को लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी बात कही है। उन्होंने भूटान से कहा कि हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जायेंगी। इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जायेगा।
भूटान के दौरे पर हैं प्रधानमंत्री
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान के दौरे पर हैं। भूटान से ही पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन भूटान के लिये, भूटान के राज परिवार के लिए और विश्व शांति में विश्वास रखने वाले सभी लोगो के लिये बहुत अहम है। सदियों से भारत और भूटान का बहुत ही गहन आत्मीय और सांस्कृतिक नाता है। और इसलिए इस महत्वपूर्ण अवसर पर शामिल होना भारत का और मेरा कमिटमेंट था।
Speaking in Thimphu, Bhutan. Watch. https://t.co/nLu0f5q5WY
— Narendra Modi (@narendramodi) November 11, 2025
लेकिन आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैं कल रात भर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ संपर्क में था। हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जायेंगी। इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जायेगा।
क्या है पूरा मामला
ये वारदात दोपहर के आसपास हुई। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक सुनाई दी। आग की लपटें भड़क उठीं और आसपास की कई गाड़ियां जलकर राख हो गईं। चश्मदीदों ने बताया कि धुंध और काला धुआं चारों तरफ फैल गया, लोग भागने लगे। दिल्ली फायर सर्विस को कई कॉल्स आए, जहां लोग ‘विस्फोट जैसी आवाज’ की बात कर रहे थे। फायर ब्रिगेड ने तुरंत पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था।
पास में ही था 800 साल पुराना गौरी मंदिर
ये ब्लास्ट 800 साल पुराने गौरी शंकर मंदिर से करीब 100 मीटर दूर रेड लाइट क्रॉसिंग पर हुआ। पास ही, लगभग 150 मीटर की दूरी पर जैन मंदिर है, और थोड़ा आगे गुरुद्वारा भी। चांदनी चौक का ये हिस्सा धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से बहुत संवेदनशील है। ऐसे में ये सवाल भी किए जा रहे हैं कि क्या ये मंदिरों को निशाना बनाने की कोशिश थी, क्योंकि जगह का चुनाव भी कुछ इसी तरफ इशारा करता है।

















