दिल्ली में सोमवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लालकिले के पास जोरदार धमाका हुआ। यह हादसा शाम करीब 6 बजकर 56 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहशत में आ गया। चश्मदीदों के अनुसार, विस्फोट के तुरंत बाद कार में आग लग गई और पास में खड़ी कई गाड़ियां भी जलकर राख हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार, जिस कार में धमाका हुआ, वह हरियाणा नंबर की थी और वह नदीम नाम के व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- Delhi Blast: दिल्ली में लाल किले के पास धमाका, PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुःख
14 लोगों को पहुंचाया गया अस्पताल, 11 की मौत- सूत्रों के मुताबिक, धमाके में घायल हुए 14 लोगों को लोकनायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दुखद रूप से उनमें से 11 लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति की हालत अभी स्थिर है। दिल्ली में हुए इस धमाके के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और बम निरोधक दस्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि धमाका गैस सिलेंडर से हुआ या किसी विस्फोटक पदार्थ से। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच स्पेशल सेल और एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) के साथ मिलकर की जा रही है।

















