आधार कार्ड आज हर भारतीय के लिए सबसे जरूरी दस्तावेज बन चुका है। बैंक से लेकर स्कूल, सरकारी योजनाओं से लेकर पहचान पत्र तक हर जगह इसकी जरूरत पड़ती है। लेकिन कई बार इसका फिजिकल कार्ड साथ रखना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने लोगों की इस परेशानी को खत्म करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। UIDAI ने आखिरकार अपना नया Aadhaar App लॉन्च कर दिया है, जो न सिर्फ सुविधाजनक है बल्कि सुरक्षा के मामले में भी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।
UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले Twitter) पर इस ऐप की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह नया ऐप अब Android और iOS दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है। यानी चाहे आपके पास कोई भी स्मार्टफोन हो, आप इस ऐप का फायदा उठा सकते हैं। इस ऐप का मकसद लोगों को हर जगह आधार की फिजिकल कॉपी लेकर चलने की झंझट से छुटकारा दिलाना है। नया Aadhaar App आपके आधार को डिजिटल तरीके से सुरक्षित रखता है और हर तरह की पहचान या वेरिफिकेशन प्रक्रिया को बेहद आसान बना देता है। आइए जानते हैं इस ऐप की खूबियों के बारे में-
अब फिजिकल आधार रखने की जरूरत नहीं- सबसे बड़ी और शानदार बात यह है कि अब आपको आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी साथ रखने की जरूरत नहीं है। नया ऐप आपके फोन में ही आपके आधार की डिजिटल कॉपी को सुरक्षित रखता है। किसी भी वेरिफिकेशन के लिए आप ऐप में मौजूद QR कोड स्कैन कर सकते हैं। इससे न केवल समय की बचत होती है, बल्कि दस्तावेज खोने का डर भी खत्म हो जाता है। UIDAI ने इस ऐप में फेस रिकग्निशन टेक्नोलॉजी को जोड़ा है। अब आपको OTP या बायोमेट्रिक मशीन की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस अपने चेहरे को स्कैन करें और आपका आधार वेरिफाई हो जाएगा। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो बार-बार OTP आने का इंतजार नहीं करना चाहते या बायोमेट्रिक डिवाइस उपलब्ध नहीं है।
यह भी पढ़ें- Aadhaar PVC कार्ड क्या है, क्यों जरूरी है, जानिए मंगवाने का आसान तरीका
तय करें कौन-सी जानकारी शेयर करनी है- यह फीचर ऐप को बाकी सभी डिजिटल पहचान ऐप्स से अलग बनाता है। अब यूजर खुद तय कर सकते हैं कि वे आधार की कौन-सी जानकारी किसी संस्था या व्यक्ति के साथ साझा करना चाहते हैं। उदाहरण के तौर पर, आप केवल अपना नाम और फोटो शेयर कर सकते हैं, जबकि एड्रेस या जन्म तिथि छिपा सकते हैं। इससे आपकी प्राइवेसी पूरी तरह सुरक्षित रहती है। बायोमेट्रिक लॉक और अनलॉक का फीचर- सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए UIDAI ने इस ऐप में बायोमेट्रिक लॉक-इन का विकल्प भी दिया है। इसका मतलब यह है कि अगर आप चाहें तो अपने फिंगरप्रिंट या फेस डेटा के जरिए ऐप को लॉक कर सकते हैं। इससे कोई दूसरा व्यक्ति आपके आधार की जानकारी का गलत इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। जब आपको ऐप इस्तेमाल करना हो, आप इसे खुद अनलॉक कर सकते हैं।
एक ऐप में पूरे परिवार के आधार कार्ड- कई लोगों को अपने परिवार के सभी आधार कार्ड्स संभाल कर रखना मुश्किल लगता है। इस समस्या का समाधान भी इस ऐप ने निकाल दिया है। अब आप अपने परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड को एक ही ऐप में सेव कर सकते हैं। इसका फायदा यह है कि किसी भी सदस्य का आधार तुरंत उपलब्ध हो जाएगा और बार-बार कार्ड ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस ऐप का इस्तेमाल करना बहुत आसान है। सबसे पहले Play Store या App Store पर जाएं और Aadhaar App डाउनलोड करें। ऐप इंस्टॉल करने के बाद इसे खोलें और जरूरी परमिशन दें। अब अपना आधार नंबर डालें। इसके बाद आप OTP या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए वेरिफाई कर सकते हैं। वेरिफिकेशन के बाद एक सिक्योरिटी PIN सेट करें और ऐप का उपयोग शुरू करें।















