आज के समय में आधार कार्ड सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंक में खाता खुलवाना हो, नया सिम लेना हो, सरकारी योजना का लाभ उठाना हो या किसी जरूरी दस्तावेज का सत्यापन कराना हो, लगभग हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आधार से जुड़े सभी काम मोबाइल से ही सुरक्षित और आसान तरीके से हो जाएं, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है। इसी सोच के साथ सरकार ने नई Aadhaar App लॉन्च की है, जिसे लोगों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के मुताबिक, इस ऐप को अब तक करीब 4 करोड़ लोग डाउनलोड कर चुके हैं। यह नया ऐप पुराने mAadhaar ऐप की जगह लेकर आया है और इसमें कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो आधार से जुड़े कामों को पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुरक्षित बनाते हैं।
- नई Aadhaar App का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब आपको हर समय आधार कार्ड की हार्ड कॉपी साथ रखने की जरूरत नहीं होगी। ऐप में आपका आधार डिजिटल रूप में मौजूद रहेगा, जिसे जरूरत पड़ने पर मोबाइल से ही दिखाया जा सकता है।
- इस ऐप में QR कोड वेरिफिकेशन की सुविधा भी दी गई है। होटल, एयरपोर्ट या किसी अन्य जगह पर केवल QR कोड स्कैन करके आपकी पहचान तुरंत सत्यापित की जा सकती है। खास बात यह है कि आप खुद तय कर सकते हैं कि सामने वाले व्यक्ति या संस्था के साथ कौन-सी जानकारी साझा करनी है।
- सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए ऐप में Face Authentication का फीचर भी जोड़ा गया है। अब चेहरे की पहचान के जरिए भी आधार सत्यापन किया जा सकता है। इसके अलावा यूजर अपने फिंगरप्रिंट, आइरिस और फेस बायोमेट्रिक्स को एक टैप में लॉक या अनलॉक कर सकते हैं, जिससे आधार का गलत इस्तेमाल होने का खतरा कम हो जाता है।
- नई ऐप के जरिए डिजिटल KYC भी पहले से आसान हो गई है। बैंक, टेलीकॉम कंपनी और दूसरी संस्थाओं में कई काम बिना दस्तावेजों की हार्ड कॉपी दिए पूरे किए जा सकते हैं। वहीं, मोबाइल नंबर, पता और अन्य जरूरी जानकारी अपडेट करने की सुविधा भी ऐप में उपलब्ध कराई गई है।
- इस ऐप का एक और खास फीचर यह है कि एक ही स्मार्टफोन में 5 अलग-अलग आधार प्रोफाइल लॉगइन की जा सकती हैं। यह ऐप आपको एक ही जगह पर परिवार के कई सदस्यों का आधार आसानी से जोड़ने और मैनेज करने की सुविधा देता है।
















