उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी स्कूलों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को अनिवार्य करने की घोषणा की है। गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के हर स्कूल में अब रोजाना वंदे मातरम् गाना जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि यह गीत हमारे देश की एकता, अखंडता और मातृभूमि के प्रति प्रेम का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग आज भी वंदे मातरम् का विरोध करते हैं, जबकि इसका कोई औचित्य नहीं है। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “यह वही लोग हैं जो लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती में शामिल नहीं होते, लेकिन जिन्ना को सम्मान देने वाले कार्यक्रमों में पहुंच जाते हैं। वंदे मातरम् का विरोध ही भारत के विभाजन का एक बड़ा कारण बना था।”
उन्होंने कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि ‘वंदे मातरम्’ सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और संस्कृति का प्रतीक है। इसके माध्यम से देश की मिट्टी, संस्कृति और एकता का सम्मान किया जाता है। सीएम योगी ने अपने भाषण में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को भी याद किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरदार पटेल की जयंती के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिसके उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में एकता कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर की तिथि को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। आज यह दिवस पूरे देश में एकता और अखंडता का संदेश लेकर मनाया जा रहा है।” सीएम योगी ने कहा कि आजादी के बाद देश को एक सूत्र में पिरोने का श्रेय सरदार पटेल को जाता है। उन्होंने 500 से अधिक रियासतों को एकजुट करके अखंड भारत का निर्माण किया। योगी ने कहा कि “सरदार पटेल की जयंती हमें याद दिलाती है कि भारत की एकता और अखंडता को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने देना चाहिए।”
प्रदेश में निकलेगी एकता यात्रा- मुख्यमंत्री ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में ‘एकता यात्रा’ निकाली जा रही है। इसका उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो ताकतें देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने का प्रयास करती हैं, उन्हें पहचानकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि देश में फिर कभी कोई ‘जिन्ना’ न पैदा हो सके जो समाज को बांटने का काम करे।”
सरदार सरोवर डैम और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का उल्लेख- सीएम योगी ने गुजरात में बने सरदार सरोवर डैम और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में सरदार सरोवर के तट पर दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनवाई, जिसे आज पूरी दुनिया सराह रही है। इस प्रतिमा के लिए देशभर से लोगों ने लोहा और मिट्टी का दान दिया था। योगी ने कहा कि “यह केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि यह भारत की एकता और संकल्प का प्रतीक है। आज यह प्रतिमा देशवासियों में गर्व और प्रेरणा का भाव जगाती है।”
वंदे मातरम् का महत्व- मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे मातरम् गाना हर भारतीय का कर्तव्य होना चाहिए, क्योंकि यह गीत हमें हमारी मातृभूमि के प्रति सम्मान और गर्व की भावना से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि जैसे हम ‘जन गण मन’ को सम्मानपूर्वक गाते हैं, वैसे ही वंदे मातरम् का गायन भी सभी स्कूलों में प्रतिदिन होना चाहिए। इससे छात्रों में देशभक्ति की भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होगा।

















