सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश के विदिशा जिले का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। यहां अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी विभाग में 65 वर्षीय सुल्ताना को उपचार के लिए भर्ती करवाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के लिए उसे हिजाब हटाने को कहा। इस पर उसके परिजन भड़क गए, उन्होंने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और डॉक्टरों-नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट की। इसमें मुस्लिम महिलाएं भी शामिल थीं। हमले में एक डॉक्टर और तीन नर्सिंग स्टाफ घायल बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 65 वर्षीय सुल्ताना घर में गिरने से घायल हो गई थी। घायल महिला का इलाज कराने के लिए उसके परिजन उसे अस्पताल के इमरजेंसी विभाग लेकर पहुंचे थे। ड्यूटी कर रहे डॉक्टर ने जांच के दौरान होंठ और मुंह पर आई चोट को देखने के लिए उससे हिजाब हटाने का अनुरोध किया, तभी साथ आए परिजन भड़क गए। देखते ही देखते बातचीत हाथापाई में बदल गई। गुस्से में मुस्लिम महिलाओं और परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर हमला कर दिया। उन्होंने वार्ड में तोड़फोड़ करते हुए दवाइयों की ट्रॉलियां गिरा दीं और अस्पताल का दरवाजा तोड़ डाला। इस हमले में एक डॉक्टर और तीन नर्सिंग स्टाफ घायल हो गए हैं। पूरा घटनाक्रम वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इस दौरान अस्पताल में अफरातफरी मच गई, जिससे अन्य मरीजों को काफी दिक्कत हुई।
धार्मिक आस्था का नाम देकर अस्पताल में हंगामा किया गया
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सीएसपी अतुल सिंह के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। वहीं, हंगामा करने वाले लोगों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टरों ने उनके साथ गलत व्यवहार किया और बिना वजह हिजाब उतारने को कहा, जबकि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों का कहना है कि इलाज के लिए चेहरे की चोट देखना जरूरी था, लेकिन इसे धार्मिक आस्था का नाम देकर अस्पताल में हंगामा किया गया। डॉक्टरों और स्टाफ के साथ मारपीट की गई।
हिजाब को भारत में बैन किए जाने की जरूरत
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि मुंह पर चोट देखने के लिए तो हिजाब हटाने में कुछ विवाद नहीं होना चाहिए था। डॉक्टर अपना काम कर रहे थे और अगर किसी ने हिंसा की है तो उसे सजा जरूर मिलनी चाहिए। एक अन्य यूजर ने एक्स पर लिखा कि हिजाब को भारत में बैन किए जाने की जरूरत है। ये देश के लिए घातक है, क्योंकि ऐसी घटनाएं बढ़ती ही जाएंगी। इस्लामी देश भी इस पर प्रतिबंध लगा रहे हैं।

















