प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 नवंबर को एफआरआई, देहरादून में उत्तराखंड राज्य के गठन के रजत जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री 8,260 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित हैं।
प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे उनमें अमृत योजना के तहत देहरादून जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ में एक विद्युत सबस्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र और हल्द्वानी स्टेडियम (नैनीताल) में एक एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान शामिल हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री दो महत्वपूर्ण पेयजल परियोजनाओं – सौंग बांध पेयजल परियोजना (देहरादून) और जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना (नैनीताल) का शिलान्यास करेंगे। सोंग बांध परियोजना देहरादून को प्रतिदिन 150 एमएलडी पेयजल उपलब्ध कराएगी, जबकि जमरानी परियोजना सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और विद्युत उत्पादन में सहायक होगी।
जिन अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी उनमें चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना, नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र और विद्युत सबस्टेशन परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक देहरादून समारोह में रहेंगे। भारतीय सैन्य अकादमी में राज्यपाल और मुख्यमंत्री उनका स्वागत करेंगे।
















