मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मुस्लिम ने घर वापसी की है। मोहम्मद खान ने देव प्रबोधनी एकादशी के शुभ दिन सनातन धर्म अपनाया। उसने ‘आई लव महादेव’ कहते हुए भगवान शिव का पूजन किया, अभिषेक किया और आरती उतारी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहम्मद खान अमलपुरा के रहने वाले हैं। घर वापसी के लिए मंदिर में दोपहर से ही लोग जमा हो गए थे। पंडित की देखरेख में पहले शुद्धिकरण का पूरा कार्यक्रम चला। मोहम्मद को दस तरह के स्नान कराए गए – गाय के गोबर, गोमूत्र, गंगाजल, दूध, दही, पंचामृत, तुलसी, मिट्टी और हल्दी के उबटन से। फिर मुंडन हुआ और शुद्धिकरण की विधि पूरी की गई। उसके बाद मंदिर के प्रांगण में महादेव का अभिषेक और आरती हुई। आरती के बाद लोगों ने ‘जय महाकाल’, ‘आई लव महादेव’ और ‘सनातन धर्म की जय’ के नारे भी लगाए।
मारुति नंदन ने स्नान कराया, आशीर्वाद दिया
इस कार्यक्रम में एक खास बात ये रही कि पहले से ही सनातन धर्म अपना चुके मारुति नंदन ( पूर्व नाम मुस्तफा) ने मोहम्मद का स्नान कराया। वह इमाम के बेटे हैं। उन्होंने गंगाजल से स्नान कराकर मोहम्मद को महादेव की राह पर चलने का आशीर्वाद दिया। लोगों ने इसे मोहम्मद से महादेव की यात्रा का नाम दिया।
इस साल 30 से ज्यादा महिलाओं ने अपनाया सनातन
मंदिर समिति से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि इस साल महादेवगढ़ में 14 युवाओं की घर वापसी हो चुकी है। इसके अलावा 30 से ज्यादा बहनों ने हिंदू युवाओं से शादी करके सनातन धर्म को अपनाया है। अधिकारी के अनुसार, ये कोई जबरदस्ती का धर्म बदलना नहीं है, बल्कि अपनी जड़ों की ओर लौटना है। यहां कोई दवाब नहीं डालता, लोग अपनी आस्था से आते हैं। मंदिर के पुजारी कहते हैं कि जब कोई सच्चे मन से भगवान की शरण लेता है, तो रास्ता खुद-ब-खुद मिल जाता है। मोहम्मद से महादेव की ये यात्रा उसी का सबूत है। मंदिर में भक्ति गीत, शिव स्तुति और आरती हुई।

















