सर्दियों का मौसम अपने साथ ठंड, जुकाम, खांसी और बदन दर्द जैसी कई परेशानियां लेकर आता है। ऐसे में अगर आप अपने स्वास्थ्य को मजबूत रखना चाहते हैं, तो रसोई में मौजूद लौंग (Clove) आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। छोटी सी यह मसाला न केवल स्वाद और खुशबू बढ़ाने का काम करता है, बल्कि इसमें मौजूद औषधीय गुण शरीर को सर्दी के मौसम में कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। खासकर भुनी हुई लौंग सर्दियों में खाने से शरीर को गर्मी और रोगों से सुरक्षा दोनों मिलती है। आइए जानते हैं इसके प्रमुख फायदे-
सर्दी-जुकाम, खांसी से राहत और पाचन तंत्र मजबूत- भुनी हुई लौंग खाने से गले की खराश, खांसी और जुकाम में काफी राहत मिलती है। लौंग में यूजेनॉल (Eugenol) नामक तत्व होता है, जो बैक्टीरिया और वायरस को खत्म करने में मदद करता है। रोज सुबह खाली पेट एक या दो भुनी लौंग चबाने से गले में जमा बलगम साफ होता है और गला खुला रहता है। सर्दियों में भारी और तली-भुनी चीजें ज्यादा खाई जाती हैं, जिससे पाचन तंत्र पर असर पड़ता है। भुनी हुई लौंग गैस, एसिडिटी और पेट फूलने जैसी समस्याओं को दूर करती है। लौंग के एंटी-ऑक्सीडेंट तत्व पाचन रसों के स्राव को बढ़ाते हैं, जिससे खाना आसानी से पच जाता है।
प्रतिरोधक क्षमता मजबूत और दांतों की समस्या में लाभकारी- ठंड के मौसम में शरीर का इम्यून सिस्टम कमजोर पड़ जाता है। ऐसे में भुनी हुई लौंग शरीर में गर्माहट बनाए रखती है और संक्रमणों से बचाव करती है। इसमें विटामिन C, कैल्शियम, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। भुनी हुई लौंग चबाने से मुँह की बदबू दूर होती है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं जो दाँतों के संक्रमण, मसूड़ों की सूजन और दर्द को कम करते हैं। यही कारण है कि कई टूथपेस्ट और माउथ फ्रेशनर में लौंग का उपयोग किया जाता है।
जोड़ों के दर्द और सर्दी से होने वाली ठिठुरन में राहत- सर्दियों में जोड़ों का दर्द और मांसपेशियों की जकड़न आम बात है। भुनी हुई लौंग शरीर के अंदरूनी तापमान को बढ़ाकर इन समस्याओं से राहत देती है। इसका तेल भी दर्द वाले हिस्से पर लगाने से आराम पहुंचाता है।
यह भी पढ़ें- सुबह खाली पेट 1 आंवला खाने के जबरदस्त फायदे
नींद और तनाव में सहायक- लौंग में मौजूद प्राकृतिक तत्व नसों को शांत करने में मदद करते हैं। रोज रात को सोने से पहले एक भुनी हुई लौंग खाने से नींद अच्छी आती है और मानसिक तनाव भी कम होता है।
कैसे खाएं भुनी हुई लौंग- एक या दो लौंग को धीमी आंच पर हल्का भूनकर सुबह खाली पेट या रात को सोने से पहले खाएं। ध्यान रखें कि लौंग अधिक मात्रा में न खाएं, क्योंकि यह शरीर में गर्मी बढ़ाती है।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)













