आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कासीबुग्गा स्थित प्रसिद्ध वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शुक्रवार को एक बड़ी दुर्घटना हो गई। एकादशी के मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे, इसी दौरान भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन और पुलिस ने भी तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। फिलहाल घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है।
हालांकि अभी तक भगदड़ की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।”

















