देहरादून । यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में लगभग एक महीने की जांच के बाद दून एसआईटी ने मुख्य आरोपी खालिद मलिक का आपराधिक रिकॉर्ड उजागर किया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार खालिद के खिलाफ मेरठ में वर्ष 2023 में नकल का मुकदमा दर्ज था, लेकिन यूपी पुलिस को अब तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।
एसआईटी की सूचना पर यूपी की मेरठ पुलिस ने अब उसकी गिरफ्तारी की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर उक्त मामले की सीबीआई जांच के भी जल्द शुरू होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक एसआईटी ने जांच के दौरान एक बड़े नेटवर्क तक भी पहुँच बनाई है।
जिसके तार मेरठ और दिल्ली तक जुड़े हुए हैं। इस मामले में जुटाई गई पूरी जानकारी और दस्तावेज मंगलवार को सीबीआई को सौंप दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सीबीआई इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई कर सकती है और मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
उल्लेखनीय है पेपर लीक के इस मामले पर अभ्यर्थियों के साथ बेरोजगार संघ ने आंदोलन किया था जिसे धरना स्थल पर सीएम पुष्कर धामी ने पहुंच कर खत्म करवाया था और इसकी सीबीआई जांच की संस्तुति की थी बाद में पूरी परीक्षा रद्द कर नकल विरोधी कानून के तहत आरोपियों के खिलाफ कारवाई के निर्देश दिए थे।

















