देशभर के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) का लाभ उठा रहे हैं। इस योजना के तहत केंद्र सरकार हर चार महीने में किसानों के बैंक खाते में ₹2,000 की सहायता राशि भेजती है। साल भर में किसानों को कुल ₹6,000 की आर्थिक मदद दी जाती है। अब किसान भाइयों को 21वीं किस्त का बेसब्री से इंतज़ार है। दिवाली गुजर चुकी है और छठ पर्व भी शुरू हो चुका है, ऐसे में किसानों के मन में यह सवाल है कि आखिर इस बार पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त उनके खाते में कब आएगी?
सरकार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, PM किसान योजना की 21वीं किस्त नवंबर 2025 के पहले हफ्ते में जारी की जा सकती है। सूत्रों का कहना है कि यह किस्त बिहार विधानसभा चुनाव (6 और 11 नवंबर) से पहले किसानों के खातों में पहुंच सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के किसानों के खाते में 21वीं किस्त की राशि पहले ही भेजी जा चुकी है। अब बाकी राज्यों के किसानों को इसका इंतजार है।
किन किसानों को इस बार किस्त नहीं मिलेगी- अगर आपने कुछ जरूरी काम पूरे नहीं किए हैं, तो आपकी किस्त रोकी जा सकती है। सरकार केवल उन्हीं किसानों के खाते में पैसा भेजती है जिनके दस्तावेज़ और जानकारी पूरी तरह सही हैं। आइए जानते हैं कि किन कारणों से आपका पैसा अटक सकता है-
अगर आपने अब तक e-KYC नहीं कराई है, तो तुरंत करा लें। बिना e-KYC के भुगतान रोक दिया जाता है। योजना का पैसा सीधे DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए आता है, इसलिए आपके बैंक अकाउंट में आधार लिंक होना ज़रूरी है। यदि बैंक अकाउंट नंबर या IFSC कोड गलत है, तो पैसा ट्रांसफर नहीं होगा। अगर आपका पुराना बैंक खाता बंद है, तो नया खाता अपडेट कराएं, वरना किस्त नहीं आएगी। कभी-कभी नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरणों में छोटी गलती भी भुगतान रोक देती है। इसलिए अपने विवरण सही करवा लें। इन सभी त्रुटियों को जल्द ठीक कराने पर अगली किस्त आपके खाते में आ जाएगी। अगर आप यह देखना चाहते हैं कि आपका नाम लाभार्थियों की सूची में है या नहीं, तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें-
सबसे पहले PM किसान योजना की ऑफिशियल वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। होमपेज पर ‘किसान कॉर्नर’ (Farmer’s Corner) सेक्शन में जाएं। यहाँ ‘लाभार्थी सूची’ (Beneficiary List) के विकल्प पर क्लिक करें। अब अपना राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव चुनें। अंत में ‘रिपोर्ट प्राप्त करें’ (Get Report) पर क्लिक करें। अब आपकी स्क्रीन पर आपके गांव की पूरी लाभार्थी सूची खुल जाएगी। अगर आपको उसमें अपना नाम दिखता है, तो समझिए कि आपकी किस्त जल्द ही आपके खाते में आने वाली है।














