देश के करोड़ों किसान कई वर्षों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) के जरिए आर्थिक मदद पा रहे हैं। यह योजना केंद्र सरकार ने साल 2019 में शुरू की थी। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को खेती से जुड़े खर्चों के लिए हर साल आर्थिक सहायता देना है। इस योजना के तहत किसानों के बैंक खाते में हर साल 6,000 रुपये की राशि दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में मिलती है यानी हर चार महीने में किसानों के खाते में 2,000 रुपये भेजे जाते हैं।
हाल ही में केंद्र सरकार ने 2 अगस्त 2025 को योजना की 20वीं किस्त जारी की थी। इसके बाद 21वीं किस्त की घोषणा भी की गई थी, लेकिन अभी यह किस्त केवल पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित लगभग 27 लाख किसानों के खातों में भेजी गई है। बाकी राज्यों के किसान अभी अपनी किस्त का इंतजार कर रहे हैं और यह जानना चाहते हैं कि उनकी 21वीं किस्त कब तक आएगी।
21वीं किस्त कब आएगी- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार नवंबर 2025 तक पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त जारी कर सकती है। पहले ऐसी खबरें आई थीं कि यह किस्त दिवाली से पहले दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फिलहाल, सरकार ने इस किस्त की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। इसलिए किसानों को सलाह दी जाती है कि वे सरकारी वेबसाइट या घोषणाओं पर ही भरोसा करें और किसी अफवाह से बचें।
कौन किसान पाएंगे 21वीं किस्त का लाभ- जिन किसानों ने अपना ई-केवाईसी पूरा कर लिया है, उन्हें 21वीं किस्त का पूरा लाभ मिलेगा। जिन किसानों ने अपने जमीन के कागजों का सत्यापन करवा लिया है, उनके खातों में राशि भेजी जाएगी। जिन किसानों ने आवेदन करते समय अपना नाम, बैंक खाता नंबर, आधार नंबर आदि सही भरा है, उन्हें किस्त समय पर मिलेगी। वहीं, जिन किसानों ने ई-केवाईसी या भूलेख सत्यापन नहीं करवाया है या आवेदन में गलती की है, उन्हें इस किस्त का लाभ नहीं मिलेगा।














