आज के समय में आधार कार्ड हर भारतीय के लिए सबसे जरूरी दस्तावेज बन गया है। बैंक खाता खोलने, सिम कार्ड लेने, गैस सब्सिडी, पेंशन या सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए इसकी जरूरत पड़ती है। आधार कार्ड की खासियत यह है कि यह आपके पहचान पत्र और पते, दोनों का प्रमाण होता है। लेकिन इसकी सबसे जरूरी कड़ी है- आपका मोबाइल नंबर। आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर इसलिए जरूरी है क्योंकि लगभग हर सरकारी और निजी काम में अब ओटीपी यानी वन टाइम पासवर्ड की जरूरत पड़ती है। अगर वह नंबर बंद हो गया है या अब आपके पास नहीं है, तो कई जरूरी काम अटक सकते हैं। ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि आप अपना नया मोबाइल नंबर आधार से जुड़वाएं।
पुराना मोबाइल नंबर बंद हो गया है तो क्या करें- अगर आपके आधार से जुड़ा पुराना मोबाइल नंबर बंद हो गया है, तो आप उसे ऑनलाइन बदल नहीं सकते। इस स्थिति में आपको अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र या कॉमन सर्विस सेंटर पर जाना होगा। वहां पहुंचकर आपको एक आधार अपडेट फॉर्म भरना होगा। इस फॉर्म में केवल “मोबाइल नंबर अपडेट” वाला विकल्प चुनें और अपना नया मोबाइल नंबर दर्ज करें, जिसे आप आधार से लिंक करवाना चाहते हैं। फॉर्म भरने के बाद आपको बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराना होगा। इसमें आपकी उंगलियों के निशान और आंखों की स्कैनिंग ली जाती है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आधार अपडेट की रिक्वेस्ट वास्तव में आप ही कर रहे हैं। इसके बाद आपको 75 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। यह शुल्क तय है और देश के हर केंद्र पर समान होता है। आप चाहे केवल मोबाइल नंबर अपडेट करा रहे हों या अन्य कोई जानकारी, शुल्क वही रहेगा। फॉर्म जमा करने और वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद केंद्र का अधिकारी आपके नए नंबर को UIDAI सिस्टम में दर्ज कर देता है।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड में आ रही है दिक्कत? बस इस नंबर पर करें कॉल, तुरंत होगा समाधान
नया नंबर लिंक होने में कितना समय लगता है- आम तौर पर, नया मोबाइल नंबर आपके आधार कार्ड से 3 से 5 कार्यदिवसों में लिंक हो जाता है। कुछ मामलों में यह प्रक्रिया 7 दिनों तक भी लग सकती है, खासकर तब जब सर्वर में ज्यादा लोड हो या कोई तकनीकी कारण हो। जब आपका नंबर सफलतापूर्वक जुड़ जाता है, तो आप उस नए नंबर पर ओटीपी प्राप्त कर सकते हैं। इसका मतलब है कि अब आप अपने सभी सरकारी और बैंकिंग काम आसानी से कर सकेंगे। कई बार आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करवाने के बाद तय समय से ज्यादा वक्त लग जाता है। ऐसी स्थिति में आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे ही यह जांच सकते हैं कि आपका नंबर आधार से जुड़ा है या नहीं। इसके लिए आपको UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट https://uidai.gov.in पर जाना होगा। वहां जाकर “Verify Aadhaar” या “Check Aadhaar Update Status” का विकल्प चुनें। अब अपना आधार नंबर और कैप्चा कोड भरें। अगर आपका मोबाइल नंबर सफलतापूर्वक अपडेट हो चुका है, तो स्क्रीन पर आपको कन्फर्मेशन मैसेज दिखाई देगा। अगर आपका अपडेट अभी प्रक्रिया में है, तो वहां लिखा आएगा- “Update Under Process”।
UIDAI SMS से भी भेजता है जानकारी- जब आपका नया मोबाइल नंबर आधार से जुड़ जाता है, तो UIDAI की ओर से आपको एक SMS प्राप्त होता है। इसमें लिखा होता है कि आपका मोबाइल नंबर सफलतापूर्वक आधार से लिंक कर दिया गया है। इस तरह आपको अलग से किसी रसीद या दस्तावेज का इंतजार नहीं करना पड़ता। आज के डिजिटल युग में हर सुविधा के लिए मोबाइल नंबर से जुड़ा आधार बहुत जरूरी हो गया है।















