नई दिल्ली: इस साल दीपावली पर देशभर में कुल बिक्री 6.05 लाख करोड़ रुपये से अधिक हुई है। यह अब तक का देश के व्यापार इतिहास का सबसे बड़ा त्योहारी कारोबार है। इसमें 5.40 लाख करोड़ रुपये का वस्तु व्यापार और 65 हजार करोड़ रुपये का सेवा व्यापार शामिल है। यह कहना है कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की रिसर्च रिपोर्ट का।
कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने देशभर के 60 प्रमुख वितरण केंद्रों पर सर्वेक्षण किया। जिनमें सभी राज्यों की राजधानियां और टियर-2 और टियर-3 शहर शामिल हैं। जिसमें यह बात सामने आई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी दरों में राहत और स्वदेशी को बढ़ावा देने के आवाह्न के बाद जनता में स्वदेशी उत्पादों के प्रति लगाव बढ़ा है और स्वदेशी उत्पादों को खूब खरीदा जा रहा है।

भारत में निर्मित वस्तुओं की बिक्री पिछले साल से 25 फीसदी बढ़ी
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल का कहना है कि 87 फीसदी उपभोक्ताओं ने भारतीय वस्तुओं को विदेशी वस्तुओं के मुकाबले प्राथमिकता दी है। इस दिवाली चीनी उत्पादों की मांग में तेज गिरावट दर्ज की गई। भारतीय निर्मित वस्तुओं की बिक्री पिछले वर्ष की तुलना में 25 फीसदी बढ़ी है। पिछले साल 4.25 लाख करोड़ की बिक्री हुई थी और इस साल यह 25 फीसदी बढ़ी है। जीएसटी दरों में कटौती से उपभोक्ताओं में मांग बढ़ी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह उत्साहपूर्ण स्थिति सर्दियों, विवाह सीजन और जनवरी के मध्य से शुरू होने वाले अगले त्योहारी दौर तक जारी रहेगी।

















