आज के समय में चाहे बैंक में खाता खोलना हो, स्कूल में नामांकन करवाना हो या कोई अन्य ऑफिसियल काम, आधार कार्ड हमारे लिए सबसे जरूरी दस्तावेज बन गया है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि हमारा आधार कार्ड खो जाता है और हमें अपना आधार नंबर या एनरोलमेंट आईडी याद नहीं रहती। ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं है। डिजिटल युग में अब यह काम बहुत आसान हो गया है। आप ऑनलाइन, ऑफलाइन या मोबाइल के जरिए अपने आधार नंबर या एनरोलमेंट आईडी को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
सबसे पहले बात करते हैं ऑनलाइन तरीके की। इसके लिए आपको UIDAI के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। इसका लिंक है-https://myaadhaar.uidai.gov.in/retrieve-eid-uid। पोर्टल पर जाने के बाद, सबसे पहले अपनी पसंदीदा भाषा चुनें। फिर आपको “एनरोलमेंट आईडी या आधार नंबर पुनः प्राप्त करें” वाले विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद, आपसे कुछ जानकारी मांगी जाएगी जैसे- आपका पूरा नाम, आपका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर। इन जानकारियों को भरने के बाद “सेंड OTP” पर क्लिक करें। आपके मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। इसे दर्ज करने के बाद आपका आधार नंबर या एनरोलमेंट आईडी आपके मोबाइल या ईमेल पर भेज दिया जाएगा।
इसके अलावा, आप आधार कार्ड के मोबाइल ऐप के जरिए भी अपना आधार नंबर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले Google Play Store या Apple App Store से UIDAI का आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें। ऐप में लॉगिन करने के बाद, “ईआईडी/यूआईडी प्राप्त करें” वाले विकल्प पर जाएँ। फिर अपना मोबाइल नंबर और स्क्रीन पर दिखाई देने वाला कैप्चा कोड डालें। इसके बाद आपके मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। इसे डालते ही आपका आधार नंबर आपको ऐप पर दिखाई देगा। हालांकि, अगर आपने अपने मोबाइल नंबर को आधार से लिंक नहीं करवाया है, तो ऑनलाइन तरीके से नंबर प्राप्त करना संभव नहीं होगा। ऐसे में आपको निकटतम आधार केंद्र जाना होगा। वहां आपको कुछ जरूरी दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, वोटर आईडी या किसी अन्य सरकारी पहचान पत्र के साथ जाना होगा। आधार केंद्र पर आपका बायोमेट्रिक डेटा सत्यापित करने के बाद आपको आपका आधार नंबर बताया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बच्चों के आधार कार्ड अपडेट को लेकर यूआईडीएआई का बड़ा फैसला
इसके अलावा, आप UIDAI की हेल्पलाइन नंबर 1947 पर कॉल करके भी अपना आधार नंबर प्राप्त कर सकते हैं। कॉल करने के बाद आपको अपनी बेसिक जानकारी देनी होगी। यह तरीका भी बहुत सरल है और जल्दी काम आ जाता है। तो कुल मिलाकर, चार आसान तरीके हैं जिनसे आप अपना खोया हुआ आधार नंबर या एनरोलमेंट आईडी प्राप्त कर सकते हैं- UIDAI पोर्टल के जरिए ऑनलाइन, UIDAI मोबाइल ऐप के जरिए, निकटतम आधार केंद्र पर जाकर, हेल्पलाइन नंबर 1947 पर कॉल करके। इन सभी तरीकों से आपका आधार नंबर जल्दी और सुरक्षित तरीके से मिल सकता है। यह ध्यान रखें कि हमेशा अपना मोबाइल नंबर आधार से लिंक करवा लें, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की समस्या में आसानी रहे।
आधार कार्ड केवल एक पहचान पत्र नहीं है, बल्कि यह हमारे डिजिटल और आधिकारिक कामकाज के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए अगर आपका आधार खो गया है, तो तुरंत उपरोक्त तरीकों से अपना आधार नंबर या एनरोलमेंट आईडी प्राप्त करें और भविष्य के लिए सुरक्षित स्थान पर रख लें। इस तरह आप बिना किसी परेशानी के अपना आधार नंबर पुनः प्राप्त कर सकते हैं और बैंक, स्कूल या अन्य सरकारी और निजी काम आसानी से कर सकते हैं। डिजिटल युग में यह सुविधा बहुत महत्वपूर्ण और आसान हो गई है।














