अगर आप नौकरी करते हैं तो हर महीने आपकी सैलरी से कुछ पैसा कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) के रूप में कटता है। यह पैसा आपके भविष्य के लिए बचाया जाता है, जिसे आप नौकरी छोड़ने या रिटायर होने के बाद निकाल सकते हैं। बहुत से लोग यह जानना चाहते हैं कि अब तक उनके खाते में कितना PF जमा हुआ है। इसके लिए लोग कई बार EPFO की वेबसाइट पर जाते हैं, उमंग ऐप इस्तेमाल करते हैं या किसी नजदीकी ऑनलाइन कियोस्क पर जाकर जानकारी लेते हैं। लेकिन कई बार वेबसाइट धीमी चलती है या इंटरनेट की दिक्कत आती है, जिससे समय बर्बाद होता है। अब आपको इस झंझट से छुटकारा मिल गया है, क्योंकि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने कर्मचारियों की सुविधा के लिए एक नया और आसान तरीका शुरू किया है। अब आप सिर्फ एक मिस कॉल करके अपने PF बैलेंस की जानकारी पा सकते हैं।
EPFO ने जारी किया नया नंबर- EPFO ने एक नया हेल्पलाइन नंबर 9966044425 जारी किया है। इस नंबर पर सिर्फ एक मिस कॉल देने से कुछ सेकंड में आपके मोबाइल पर एक SMS आएगा, जिसमें आपके PF खाते का बैलेंस और आखिरी योगदान (लास्ट कंट्रीब्यूशन) की जानकारी होगी। यह सुविधा बिल्कुल फ्री है, यानी इसके लिए कोई पैसा नहीं देना होगा। लेकिन ध्यान रहे यह सर्विस तभी काम करेगी जब आपका मोबाइल नंबर EPFO के रिकॉर्ड में रजिस्टर्ड हो।
Wanna know your EPF Balance?
Just give a missed call on 9966044425 from your registered mobile number and get your balance instantly!#EPFO #EPFBalance #EPFOWithYou #ईपीएफओ #HumHainna pic.twitter.com/P4al2gmVHB
— EPFO (@officialepfo) October 5, 2025
यह भी पढ़ें- EPFO ने दी 2 बैंक अकाउंट जोड़ने की सुविधा, जानें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
कैसे करें मिस कॉल से PF बैलेंस चेक- सबसे पहले सुनिश्चित करें कि आपका मोबाइल नंबर EPFO खाते में अपडेट है। अब अपने उसी मोबाइल नंबर से 9966044425 पर एक मिस कॉल दें। कुछ ही सेकंड बाद आपको एक SMS मिलेगा। इस SMS में आपका कुल PF बैलेंस और आखिरी योगदान की तारीख लिखी होगी। यानी अब न कोई वेबसाइट खोलनी है, न ऐप डाउनलोड करनी है- बस एक मिस कॉल और जानकारी आपके हाथ में। यह सुविधा खासकर उन कर्मचारियों के लिए बहुत उपयोगी है जिनके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं है। अब गाँवों या छोटे शहरों में रहने वाले कर्मचारी भी बिना इंटरनेट के अपना PF बैलेंस आसानी से जान सकते हैं। पहले कई कर्मचारियों को इसके लिए EPFO कार्यालय या साइबर कैफे के चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन अब इस नई सुविधा से वे घर बैठे ही अपने खाते की जानकारी पा सकते हैं। EPFO लगातार अपने करोड़ों कर्मचारियों को डिजिटल और आसान सेवाएं देने के लिए नए-नए उपाय करता रहता है। इस मिस कॉल सुविधा का मकसद भी यही है कि कर्मचारियों को छोटी-छोटी जानकारी के लिए परेशान न होना पड़े।














