उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में एक साथ 23 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। यह मुकदमा करीब 8 वर्ष पुराना है। 20 बीघा ग्राम समाज की जमीन के लिए पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसकी वजह से संजीव पांडेय की हत्या की गई थी।
ग्राम समाज की जमीन पर पुराना विवाद बना हत्या की वजह
उल्लेखनीय है कि रामपुर जनपद में 20 बीघा ग्राम समाज की जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इस विवाद में संजीव पांडे की हत्या कर दी गई थी। वर्ष 2017 के जुलाई माह में रामपुर जनपद के थाना मिलक क्षेत्र में संजीव पांडेय की धारदार हथियार एवं गोली मारकर हत्या की गई थी। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इस हमले में तीन लोग घायल हुए थे।
अभियुक्तों ने खेत में किया था जानलेवा हमला
जिला शासकीय अधिवक्ता के अनुसार संजीव पांडेय अपने भाई एवं रिश्तेदार के साथ खेत पर गए हुए थे। उसी समय अभियुक्तों ने ग्राम समाज की जमीन को लेकर चल रही दुश्मनी के कारण संजीव पांडेय के ऊपर जानलेवा हमला किया। इस हमले के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी। उस हत्याकांड में तीन लोग घायल हुए थे।
अभियोजन पक्ष की मजबूत पैरवी से सुनाई गई सजा
उन तीनों लोगों की गवाही एवं अभियोजन पक्ष की मजबूत पैरवी के परिणामस्वरूप सभी अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। अभियोजन पक्ष ने मजबूत गवाह पेश किया। इस हत्याकांड में 20 लोगों ने अपनी गवाही अभियोजन पक्ष की तरफ से दी, जिसके आधार पर न्यायालय ने सभी अभियुक्तों को दोषी ठहराया।
















