पटना(हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की 21 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 10 हजार-10 हजार रुपये भेजे। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 21 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 2100 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरित की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा- योजना से महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर
इसके तहत आर्थिक सहायता के रूप में 10000 रुपये की प्रारंभिक राशि दी जाएगी। महिलाओं द्वारा रोजगार शुरू करने के बाद आकलन कर 2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि इस योजना के क्रियान्वयन से न सिर्फ महिलाओं की स्थिति और ज्यादा मजबूत होगी, बल्कि राज्य के अंदर ही उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी। स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता पर केंद्रित इस योजना के माध्यम से राज्य एवं देश के आर्थिक विकास को बल मिलेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का शुभारंभ 26 सितम्बर 2025 को किया था। उस दिन इस योजना के अंतर्गत राज्य की 75 लाख महिला लाभुकों को 10-10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 7500 करोड़ की राशि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गयी थी। उसके बाद 3 अक्टूबर को मुख्यमंत्री द्वारा 25 लाख महिला लाभुकों को 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 2500 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से दी गई थी।

















