नई दिल्ली: मौसम ने एक बार फिर मिजाज बदला है। दिल्ली-एनसीआर में जहां बारिश के कारण ठंड की शुरुआत हो गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के लाहौल में ताजा बर्फबारी हुई है। कुल्लू में भी बारिश से ठंड की दस्तक हो गई है। लाहौल स्पीति में सोमवार सुबह से हो रही बर्फबारी के बाद एकाएक मौसम में बदलाव आ गया है। जहां दो दिन पूर्व दिन के समय अत्यधिक गर्मी थी तो अब एकाएक ठंड बढ़ गई और लोगों को गर्म कपड़े पहनने को मजबूर होना पड़ा है।
हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह से ही हो रही है बर्फबारी
अटल टनल रोहतांग, सेवन सिस्टर दारचा, धुंदी शिंकुला पास तथा रोहतांग पास में सुबह सवेरे से ही बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी तथा निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। घाटी में हो रही बर्फबारी और बारिश के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी कल रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण मौसम में ठंडक हो गई है। जबकि एक दिन पहले तक दिल्ली-एनसीआर में काफी गर्मी हो रही थी।

उत्तराखंड में ट्रैकिंग एक्टिविटी स्थगित, बर्फबारी-बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी है। चमोली जिले में 6 और 7 अक्टूबर को ट्रैकिंग गतिविधियां स्थगित कर दी गई हैं। मौसम विभाग की चेतावनी और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी और वर्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।

















