भारत सरकार देश के सभी वर्गों के विकास के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य है कि समाज के हर व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले किसानों को। इन्हीं योजनाओं में से एक है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan Yojana) जो किसानों के लिए एक बड़ी राहत साबित हुई है।
इस योजना के तहत केंद्र सरकार देश के छोटे और सीमांत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। यह रकम किसानों के बैंक खातों में तीन समान किस्तों में सीधे भेजी जाती है- यानी हर चार महीने में किसानों को 2,000 रुपये मिलते हैं। अब तक इस योजना की 20 किस्तें जारी की जा चुकी हैं, और करोड़ों किसान परिवार इससे लाभान्वित हो चुके हैं। अब किसानों की नजर 21वीं किस्त पर है, जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार है। आइए जानते हैं कि यह किस्त कब तक आ सकती है और आप कैसे कुछ ही मिनटों में यह जांच सकते हैं कि आपका नाम लाभार्थियों की सूची में है या नहीं।
21वीं किस्त कब आएगी- मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार दिवाली से पहले 21वीं किस्त जारी करने की तैयारी में है, ताकि त्योहारों के समय किसानों को आर्थिक मदद मिल सके और वे खुशी के साथ त्योहार मना सकें। हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख अभी तक घोषित नहीं की गई है। अगर पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें तो सरकार हर चार महीने में एक किस्त जारी करती है। इस आधार पर माना जा रहा है कि अक्टूबर या नवंबर 2025 में अगली किस्त जारी हो सकती है।
किसानों को क्या करना होगा- सरकार की ओर से बार-बार यह अपील की जा रही है कि जिन किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी नहीं की है, वे जल्द से जल्द इसे पूरा कर लें। क्योंकि केवल वही किसान 21वीं किस्त के पात्र होंगे, जिनके सभी दस्तावेज सही तरीके से अपडेट हैं और जिनकी ई-केवाईसी पूरी है। अगर आपके दस्तावेज अधूरे हैं या आधार कार्ड, बैंक खाते या भूमि रिकॉर्ड में कोई त्रुटि है, तो आपकी किस्त अटक सकती है। इसलिए समय रहते अपने सभी रिकॉर्ड की जांच और सुधार कराना बहुत जरूरी है।
अपना स्टेटस ऑनलाइन कैसे जांचें- अगर आप जानना चाहते हैं कि आपकी 21वीं किस्त का पैसा आपके खाते में आने वाला है या नहीं, तो आप इसे घर बैठे ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए आसान कदमों का पालन करें- सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएँ या फिर अपने मोबाइल में PM-Kisan Mobile App डाउनलोड करें। वेबसाइट पर जाने के बाद “Know Your Status” या “Beneficiary Status” विकल्प पर क्लिक करें। अब वहाँ आपसे आपका रजिस्ट्रेशन नंबर मांगा जाएगा। अगर आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर याद नहीं है, तो “Know Your Registration Number” पर क्लिक करें। यहां आप अपना मोबाइल नंबर या आधार नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद कैप्चा कोड भरें और “Get Data” बटन पर क्लिक करें। कुछ ही सेकंड में आपकी स्क्रीन पर आपकी सभी जानकारियां दिखाई देंगी- आपका नाम, आपके बैंक खाते की स्थिति, पिछली किस्त की जानकारीऔर यह भी कि आप 21वीं किस्त के लिए पात्र हैं या नहीं। अगर स्टेटस में “Payment Success” या “Payment Under Process” लिखा आता है, तो इसका मतलब है कि आपकी किस्त जल्द ही आपके खाते में भेज दी जाएगी।
समय रहते रिकॉर्ड अपडेट कराएं- केंद्र सरकार चाहती है कि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसलिए सभी किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने आधार कार्ड की जानकारी, बैंक खाते का विवरण और भूमि से संबंधित दस्तावेज एक बार फिर जांच लें और यदि कहीं कोई गलती हो तो उसे तुरंत ठीक करवा लें। ई-केवाईसी अपडेट करने के लिए आप CSC केंद्र, राज्य कृषि विभाग कार्यालय, या pmkisan.gov.in वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।















