राजस्थान के सीकर जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो आरोपियों का सिर मुंडवाकर और गाउन पहनाकर गांव भर में जुलूस निकाला गया। इन पर बोलेरे गाड़ी से नंदी (गौवंश) की हत्या करने का आरोप है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना बुधवार (1 अक्टूबर) शाम की है। सीकर जिले के नेछवा इलाके में विवाह समारोह के दौरान एक नंदी चला आया था। इससे नाराज होकर कुछ लोगों ने उसे बोलेरो गाड़ी से कुचलकर बेरहमी से मार डाला। वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
स्थानीय लोगों, गौसेवकों में भारी आक्रोश
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और गौसेवकों में भारी आक्रोश है। वीडियो देखने के बाद गुस्साए स्थानीय लोग देर रात थाने पहुंचे और हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गड़ोदा शिवमठ धाम के महंत महावीर जति महाराज ने इस संबंध में नेछवा थाने में मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमचंद बावरी और शिवराज बावरी सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और अगले दिन गुरुवार (2 अक्टूबर) को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
राजस्थान पुलिस : मानवीय क्रूरता को करारा जवाब#JusticeForNandi#RajasthanPolice#SikarPolice#ZeroTolerance#NoCrueltyNoMercy pic.twitter.com/9vLaEgxAGn
— Rajasthan Police (@PoliceRajasthan) October 3, 2025
‘हत्यारों को फांसी दो’
पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाकर और महिलाओं का गाउन पहनाकर गांव भर में उनका जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों ने हाथ जोड़े हुए थे। उन्हें देखने के लिए आस-पास बड़ी संख्या में भीड़ जमा थी। जुलूस में भारी पुलिस बल के साथ-साथ स्थानीय गौसेवक और शिव मठ धाम आश्रम के संत महावीर महाराज भी शामिल थे, जो इस जुलूस के साथ-साथ चलते रहे। इस दौरान गौसेवकों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की और ‘हत्यारों को फांसी दो’ के नारे लगाए गए। वहीं, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की हुई थी।
पशु हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी
जुलूस निकालने का उद्देश्य केवल लोगों के बीच यह संदेश देना था कि पशु हिंसा के मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने उस बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है, जिससे नंदी को बार-बार टक्कर मारकर कुचलकर मार डाला गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रेमचंद बावरी ने इसी बोलेरो से नंदी को तब तक टक्कर मारी जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई। इस मामले में अन्य दो आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। लक्ष्मणगढ़ के सीआई दिलीप कुमार मीणा ने भी नेछवा थाना पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों से शांत रहने की अपील की। पुलिस ने स्थानीय लोगों के दबाव और संत महावीर के नेतृत्व में कार्रवाई को और तेज कर दिया।
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
नंदी को गाड़ी से कुचलकर मारने की घटना से आहत यूजर्स ने कहा कि इनको जितनी सजा दी जाए वो भी कम है। एक अन्य यूजर ने एक्स पर लिखा कि जान का बदला जान, चाहे कोई भी हो। न्याय तो तब होगा जब इन सभी आरोपियों को सजा-ए-मौत दे हमारा कानून। इनको इससे कम सजा नहीं होनी चाहिए।

















