हरिद्वार। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लक्सर तहसील के मुंडाखेड़ा कलां गांव में बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान की अगुवाई में प्रशासनिक टीम और भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचकर 41 अवैध कब्जों को हटाया गया।
जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन को यह शिकायत मिली थी कि गांव में बाहर से आए लोगों ने तालाब और सरकारी जमीन पर अवैध रूप से पक्के निर्माण कर कब्जा जमा रखा था। इस मामले की सुनवाई तहसीलदार कोर्ट में चल रही थी, जिसमें हाल ही में 47 कब्जाधारकों को बेदखली के नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 6 मामलों में जिलाधिकारी के पास अपील की गई थी, जिस पर दोबारा जांच के आदेश दिए गए।
प्रशासन ने 18 सितंबर को अतिक्रमण चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस थमाए थे, जिसमें 2 अक्टूबर तक कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। तय वक्त बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद शुक्रवार को प्रशासन ने जेसीबी की मदद से कार्रवाई शुरू की और कच्चे-पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान गांव में हड़कंप मच गया, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आगे भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी लक्सर तहसील के लाडपुर कला और भारुवाला गांव में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की थी, जिसमें कई निर्माणों को गिराया गया था।
डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी, बेहतर है कि लोग स्वयं हट जाएं।

















