अक्टूबर 2025 को पूरे देश में साइबर अवेयरनेस मंथ के रूप में मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को इंटरनेट और मोबाइल पर होने वाले अपराधों से सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार सिखाना है। इसी सिलसिले में 3 अक्टूबर को मुंबई में पुलिस महानिदेशक (डीजी) कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार भी मौजूद थे। इस मौके पर अक्षय कुमार ने अपने परिवार से जुड़ा एक अनुभव साझा किया, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी 13 साल की बेटी ऑनलाइन गेम खेलते समय एक खतरनाक परिस्थिति का सामना कर चुकी है।
ऑनलाइन गेम से जुड़ा चौंकाने वाला किस्सा- अक्षय ने कहा कि कुछ महीने पहले उनकी बेटी अपने कमरे में वीडियो गेम खेल रही थी। कई ऑनलाइन गेम ऐसे होते हैं जिन्हें दुनिया भर के अनजान लोग भी खेल सकते हैं। खेलते-खेलते अचानक उसे एक व्यक्ति से चैट मैसेज आया। पहले तो उस अनजान व्यक्ति ने दोस्ती के अंदाज में सवाल किया – “आप मेल हैं या फीमेल?” नितारा ने जवाब दिया- “फीमेल”। फिर उसने एक मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, क्या आप मुझे अपनी न्यूड तस्वीरें भेज सकती हैं? यह मेरी बेटी थी। अक्षय ने बताया कि उनकी बेटी ने तुरंत गेम और चैट दोनों बंद कर दिए और जाकर अपनी मां को इस घटना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह मामला दिखने में छोटा लग सकता है लेकिन असल में यही साइबर अपराध की शुरुआत है। ऐसे लोग पहले बच्चों से दोस्ती करते हैं फिर विश्वास जीतते हैं और उसके बाद उनका शोषण करने की कोशिश करते हैं।
साइबर अपराध का बढ़ता खतरा- अक्षय कुमार ने कहा कि यह घटना सिर्फ उनकी बेटी तक सीमित नहीं है। ऐसे मामले देशभर में बड़ी संख्या में हो रहे हैं। कई बार अपराधी बच्चों को अश्लील तस्वीरें भेजने या मंगाने के बाद उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर देते हैं। कुछ बच्चे डर के मारे माता-पिता से बात भी नहीं करते और धीरे-धीरे गंभीर मानसिक तनाव में आ जाते हैं। अक्षय कुमार ने इस मौके पर मुख्यमंत्री से विशेष अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में स्कूलों की सातवीं से दसवीं कक्षा तक एक नया विषय या पीरियड शुरू किया जाए, जिसे “साइबर पीरियड” नाम दिया जाए। इसमें बच्चों को बताया जाए कि इंटरनेट पर सुरक्षित कैसे रहना है, अजनबी लोगों से चैट क्यों नहीं करनी चाहिए और ऑनलाइन धोखाधड़ी से कैसे बचना है।

















