नई दिल्ली (हि.स.) । भारत और चीन के बीच सामान्य होते रिश्तों के चलते अक्टूबर के अंत तक दोनों देशों के विभिन्न शहरों को जोड़ने वाली सीधी विमान सेवाएं शुरू हो सकती हैं।
विदेश मंत्रालय ने साझा की जानकारी
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में जारी चर्चाओं से निकले निष्कर्ष को साझा किया। मंत्रालय के अनुसार, यह कदम दोनों देशों के बीच लोगों के बीच संपर्क को और सुगम बनाएगा। नागरिक उड्डयन प्राधिकरणों के बीच हुए इस समझौते से भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय आदान-प्रदान धीरे-धीरे सामान्य होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
तकनीकी स्तर की चर्चाएं हुईं पूरी
इस वर्ष की शुरुआत से भारत और चीन के बीच संबंधों को सामान्य बनाने के तहत, नागरिक उड्डयन प्राधिकरण दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाओं और संशोधित हवाई सेवा समझौते पर तकनीकी चर्चाएं कर रहे थे।
अक्टूबर के अंत तक उड़ानें होंगी शुरू
चर्चाओं के बाद अब यह सहमति बनी है कि भारत और चीन के तय स्थानों को जोड़ने वाली सीधी हवाई सेवाएं अक्टूबर के अंत तक शुरू की जाएंगी।
वाणिज्यिक निर्णय पर निर्भर रहेंगी उड़ानें
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि उड़ान सेवा की शुरुआत दोनों देशों के तय वाहकों के वाणिज्यिक निर्णय और सभी परिचालन मानदंडों को पूरा करने पर निर्भर करेगी।











