राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के एक थोक किराना व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह बिस्किट के पैकेटों के साथ पाकिस्तानी झंडे वाले गुब्बारे बच्चों को मुफ्त में बांट रहा था। इन गुब्बारों पर उर्दू में “जश्न-ए-आजादी” लिखा हुआ था, जिससे लोगों में गुस्सा फैल गया। यह शब्द पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस (14 अगस्त) से जुड़ा हुआ है।
घटना कैसे सामने आई- झालावाड़ जिले के नागेश्वर इलाके के उन्हेल गांव में एक बच्ची ने पास की किराना दुकान से बिस्किट खरीदे। जब बच्ची ने पैकेट खोला, तो उसमें एक गुब्बारा चिपका हुआ मिला। उसने जब गुब्बारे को फुलाया, तो उस पर पाकिस्तान का हरा-सफेद झंडा और उर्दू में “जश्न-ए-आजादी” लिखा हुआ दिखा। यह देखकर बच्ची के परिजन चौंक गए। परिवार ने तुरंत दुकान पर जाकर शिकायत की। कुछ ही देर में यह बात पूरे इलाके में फैल गई और लोगों में आक्रोश बढ़ गया। भीड़ ने दुकान पर पहुँचकर हंगामा किया।
पुलिस की कार्रवाई- सूचना मिलते ही नागेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकानदार को थाने बुलाकर पूछताछ की और बिस्किट के कई पैकेट जब्त कर लिए। पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि वह बच्चों को ज्यादा खरीदारी के लिए आकर्षित करने के लिए बिस्किट के साथ मुफ्त गुब्बारे दे रहा था। ये सामान उसने आलोट (रतलाम) के थोक व्यापारी दिलीप कामरिया से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने आलोट पहुँचकर दिलीप कामरिया को गिरफ्तार कर लिया।
दिलीप कामरिया पर आरोप- पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिलीप कामरिया किराना सामान के साथ-साथ गुब्बारों का भी थोक व्यापारी है। वह आसपास के गाँवों और कस्बों में सामान सप्लाई करता है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने बिस्किट और गुब्बारे इंदौर से खरीदे थे। कामरिया ने बच्चों को आकर्षित करने और ज्यादा बिक्री करने के लिए खुद एक योजना बनाई थी। वह घर पर ही बिस्किट के पैकेटों पर गुब्बारे चिपकाकर दुकानदारों को सप्लाई कर रहा था। इन्हीं गुब्बारों पर पाकिस्तानी झंडा और नारे छपे हुए थे।
हिंदू संगठनों की शिकायत- मामला तब और गंभीर हो गया जब इलाके के हिंदू संगठनों को इस बात की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ही राजस्थान पुलिस ने व्यापारी को गिरफ्तार किया और पूरा मामला उजागर हुआ।
पुलिस की आगे की जांच- झालावाड़ पुलिस इस समय यह पता लगाने में जुटी है कि ये गुब्बारे और बिस्किट आखिर इंदौर में कहां से खरीदे गए थे और गुब्बारों पर यह प्रिंटिंग किसने की थी। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे कोई बड़ी साजिश भी हो सकती है। नागेश्वर थाना प्रभारी गोरधन लाल हेड ने कहा कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों की प्रतिक्रिया- इस घटना के बाद इलाके के व्यापारी संगठन भी सामने आए। आलोट व्यापारी संगठन के अध्यक्ष दिनेश कोठारी ने कहा कि यह घटना संभवतः भूल हो सकती है। उनके अनुसार, दिलीप कामरिया ने इंदौर से जो माल मंगवाया था, उसमें लगभग 20 पैकेट गुब्बारे शामिल थे। संभव है कि सप्लाई श्में कहीं गलती हुई हो। लेकिन कोठारी ने यह भी माना कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है। इसलिए पुलिस को पूरी जांच करनी चाहिए ताकि असलियत सामने आ सके।

















