दुनिया की मशहूर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी ओपनएआई (OpenAI) ने हाल ही में अपना नया ऐप “Sora” लॉन्च किया है। यह ऐप खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो बिना किसी कठिन तकनीक का इस्तेमाल किए, केवल कुछ शब्दों या साधारण निर्देशों के आधार पर एआई जनरेटेड वीडियो बनाना चाहते हैं। इस ऐप के जरिए उपयोगकर्ता न केवल वीडियो तैयार कर सकते हैं बल्कि उन्हें दूसरों के साथ साझा भी कर सकते हैं।
“Sora” को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसा अनुभव देता है। इसमें उपयोगकर्ताओं को वीडियो बनाने, देखने और शेयर करने की सुविधा मिलती है, बिल्कुल वैसे ही जैसे लोग टिकटॉक, इंस्टाग्राम रील्स या यूट्यूब शॉर्ट्स पर करते हैं। खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल किए गए एल्गोरिद्म टिकटॉक की तरह तेज और आकर्षक बनाए गए हैं, जिससे कोई भी वीडियो आसानी से वायरल हो सकता है। यही वजह है कि विशेषज्ञ मानते हैं कि भविष्य में यह ऐप मौजूदा लोकप्रिय प्लेटफॉर्म के लिए चुनौती बन सकता है। आई वीडियो बनाने में सबसे बड़ी समस्या कॉपीराइट और दुरुपयोग की होती है। लोग कई बार मशहूर हस्तियों या दूसरों की तस्वीरें और आवाज़ बिना अनुमति के इस्तेमाल कर लेते हैं, जिससे विवाद पैदा हो सकता है। इस समस्या से बचने के लिए ओपनएआई ने “Sora” में खास फिल्टर और सुरक्षा उपाय लगाए हैं।
फिल्टर सिस्टम- इसके जरिए कोई भी उपयोगकर्ता बिना अनुमति के किसी सार्वजनिक व्यक्ति (जैसे अभिनेता, नेता या खिलाड़ी) का वीडियो नहीं बना सकेगा। लाइवनेस चेक- वीडियो बनाने से पहले ऐप उपयोगकर्ता से उसकी पहचान की पुष्टि करेगा। इसके लिए ऐप व्यक्ति को सिर हिलाने या कुछ रैंडम नंबर दोहराने को कहेगा। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित होगा कि वीडियो उसी व्यक्ति का है, न कि किसी और का। वीडियो ड्राफ्ट- जब कोई उपयोगकर्ता अपने चेहरे या छवि का इस्तेमाल करता है, तो ऐप पहले उसका ड्राफ्ट दिखाता है। इससे व्यक्ति यह देख सकता है कि अंतिम वीडियो कैसा बनेगा और यदि कुछ गलत लगे तो उसे सुधार सकता है।
“Sora” ऐप में फिलहाल वीडियो की अधिकतम लंबाई 10 सेकंड रखी गई है। हालांकि यह समय बहुत कम लगता है लेकिन शॉर्ट वीडियो प्लेटफ़ॉर्म की दुनिया में यही फॉर्मेट सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। छोटे और आकर्षक वीडियो तेजी से लोगों का ध्यान खींचते हैं। इसके अलावा ऐप में एक विशेष फीचर जोड़ा गया है जिसे “Cameo” नाम दिया गया है। इस फीचर की मदद से कोई भी उपयोगकर्ता अपनी एआई-जनरेटेड छवि बना सकता है और उसे विभिन्न दृश्यों (Scenes) में शामिल कर सकता है। उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति चाहे तो खुद को किसी पहाड़ की चोटी पर, समुद्र किनारे या किसी ऐतिहासिक जगह पर एआई की मदद से देख सकता है, भले ही वह असल में वहाँ गया न हो।














