गत 25 सितंबर को बैतूल में नवरात्रि के पावन अवसर पर सेवा भारती, बैतूल द्वारा विशाल कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल के सदस्य श्री सुरेश सोनी ने कहा कि सेवा ही मनुष्य के नर से नारायण बनने की प्रक्रिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवा का वास्तविक अर्थ है अपने आत्मीय दायरे को बढ़ाना और सबकी चिंता करना। जब व्यक्ति स्वयं पीड़ा में नहीं होता, फिर भी दूसरों की वेदना को अनुभव करता है, और उससे करुणा व कुछ करने की भावना जाग्रत होती है, वही सच्ची संवेदना कहलाती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय परिवार व्यवस्था में यह संवेदनशीलता और सेवा की भावना स्वाभाविक रूप से विद्यमान रही है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डी.डी. उईके, विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतींद्र शर्मा, सह संगठन मंत्री श्रीराम आरावकर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।

















