कोलकाता (हि.स.) । भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ (BSF) के जवानों ने एक बार फिर तस्करों की साजिश को नाकाम कर दिया। दक्षिण बंगाल सीमांत की 32वीं वाहिनी के बनपुर सीमाचौकी के जवानों ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बांग्लादेश से भारत लाए जा रहे छह सोने के बिस्कुट जब्त किए। इनका कुल वजन 719.2 ग्राम है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत लगभग ₹80.55 लाख आंकी गई है। इस दौरान एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार भी किया गया।
सूचना मिलते ही घेराबंदी कर बनाई रणनीति
बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 23 सितम्बर को सूचना मिली थी कि नदिया जिले में बनपुर सीमाचौकी इलाके से सोने की तस्करी हो सकती है। सूचना के आधार पर जवानों ने तुरंत रणनीति बनाई और तारबंदी के पास आम और केले के बागानों में दो समूहों में घेराबंदी कर दी। सुबह करीब 08:30 बजे दो भारतीय और दो बांग्लादेशी तस्कर सीमा के दोनों ओर से आते दिखाई दिए।
तस्करों ने प्लास्टिक पैकेट फेंके, बीएसएफ ने दबोचा
इसी दौरान बांग्लादेशी तस्करों ने छोटे प्लास्टिक पैकेट भारतीय तस्करों की ओर फेंके। जैसे ही भारतीय तस्कर उन्हें उठाने लगे, बीएसएफ के जवानों ने तुरंत कार्रवाई की। मौके से एक तस्कर को दबोच लिया गया, जबकि दूसरा तस्कर मौके से भाग निकला।
सोने के छह बिस्कुट और मोबाइल फोन बरामद
गिरफ्तार तस्कर से दो प्लास्टिक पैकेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। तलाशी के दौरान एक अतिरिक्त मोबाइल फोन भी मिला। जब इन पैकेटों की जांच की गई तो उनमें से कुल छह सोने के बिस्कुट निकले। जब्त किए गए सामान और पकड़े गए तस्कर को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।
बीएसएफ की अपील और सतर्कता
बीएसएफ के अधिकारी ने बताया कि जवान लगातार सीमा पर कड़ी चौकसी बरत रहे हैं और तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने सीमावर्ती गांवों के लोगों से अपील की कि यदि उन्हें सोने की तस्करी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत बीएसएफ की सीमा साथी हेल्पलाइन 14419 या व्हाट्सएप नंबर 9903472227 पर सूचित करें।
पुख्ता सूचना पर इनाम और गुप्तता की गारंटी
अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि पुख्ता सूचना देने वालों को इनाम दिया जाएगा और उनकी पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। बीएसएफ ने दोहराया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर हर प्रकार की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

















