अमेरिका के इलिनॉय राज्य में एक 19 साल के युवक को हिंदू मंदिर पर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पलाटाइन का रहने वाला एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस नाम का यह युवक टेको बेल फास्ट फूड आउटलेट में कैशियर की नौकरी करता था। 11 अक्टूबर को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। उस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से राइफल रखने के आरोप हैं। कोर्ट ने उसे बिना जमानत के हिरासत में रखने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होगी।
साजिश कैसे सामने आई
पापोराकिस अपने सहकर्मियों से अक्सर सफेद नस्ल की श्रेष्ठता वाली बातें करता था। वह भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां करता था और नाजी विचारधारा व हथियारबंद हिंसा की चर्चा करता रहता था। 10 अक्टूबर को उसने एक सहकर्मी से कहा कि वह भारतीयों को मारना चाहता है और ऑरोरा शहर के सबसे बड़े हिंदू मंदिर पर हमला करने की योजना बना रहा है। अगले दिन यानी 11 अक्टूबर को उसने सहकर्मी से कहा कि यह दिन खास होने वाला है।
उस दिन वह अपनी मां के घर पलाटाइन से ऑरोरा के एक हिंदू मंदिर की तरफ निकला। उसके पास एआर स्टाइल राइफल, गोला-बारूद और सामरिक सामान था। वहां पहुंचकर उसने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन राइफल जाम हो गई। इसके बाद वह जल्दी से वापस घर चला गया। घर पहुंचकर उसने इंटरनेट पर राइफल खोलने का तरीका खोजा और सहकर्मी को फोन कर बताया कि उसकी बंदूक जाम हो गई और वह बिना देखे भाग आया। उसने सहकर्मी को अपना मैनिफेस्टो और तस्वीरें भी भेजीं। सहकर्मी ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस को क्या मिला
पलाटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस ने पापोराकिस को उसके घर के बाहर गिरफ्तार किया। घर की तलाशी में एक सीरियल नंबर रहित एआर स्टाइल राइफल, कई भरी हुई मैगजीन, करीब 300 राउंड गोला-बारूद, बॉडी आर्मर वाला टैक्टिकल वेस्ट, गैस कैन और नाजी चिन्ह वाले सामान मिले। पुलिस को एक आठ पन्नों का दस्तावेज भी मिला, जिसका शीर्षक था “व्हाई आई फाइट: एकेए (ऑरोरा शूटर का मैनिफेस्टो)”।
इसमें भारतीयों, यहूदियों, अफ्रीकी अमेरिकियों और गैर-गोरे लोगों के खिलाफ नफरत भरी बातें लिखी थीं। उसने खुद को सफेद नस्लवादी नव-नाजी बताया था और ज्यादा से ज्यादा अल्पसंख्यकों को मारने की बात कही थी।
इसे भी पढ़ें: मैरी मिलबेन ने अभिजीत दीपके को दिखाया आईना, कहा-सफल नहीं होगे तो अमेरिकी डोनर तुम्हें छोड़ देंगे; दी ये सलाह?
कोई और भी हिन्दू मंदिर हो सकता है लक्ष्य
पलाटाइन पुलिस मुख्य जांच कर रही है। एफबीआई का शिकागो कार्यालय भी मदद कर रहा है। पुलिस का मानना है कि लक्ष्य ऑरोरा का कोई हिंदू मंदिर हो सकता है, लेकिन सही जगह की पुष्टि अभी जांच में है। ऑरोरा पुलिस को भी सूचित किया गया और इलाके के मंदिरों से संपर्क किया गया। फिलहाल जनता के लिए कोई अतिरिक्त खतरा नहीं बताया गया है। ये भी पता चला है कि पापोराकिस करीब सात महीने से अर्लिंग्टन हाइट्स के टेको बेल में काम कर रहा था। कोर्ट दस्तावेजों के अनुसार वह पहले से ही योजना बना रहा था।












