महाराष्ट्र सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री लाडकी बहिन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। यह योजना 21 से 65 वर्ष की आयु की उन महिलाओं को ₹1500 प्रति माह की आर्थिक सहायता देती है, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय ₹2.5 लाख से अधिक नहीं है। सरकार ने अब इस योजना के सभी लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है। यदि कोई महिला लाभ लेना जारी रखना चाहती है, तो उसे आधार कार्ड आधारित सत्यापन यानी ई-केवाईसी करना जरूरी है। इस कार्य के लिए महिलाओं को 2 महीने का समय दिया गया है।
यदि निर्धारित समय में ई-केवाईसी नहीं किया गया, तो उस लाभार्थी को मिलने वाला ₹1500 का लाभ रोक दिया जाएगा। जैसे ही ई-केवाईसी की घोषणा हुई, हजारों महिलाएं इसे पूरा करने में जुट गईं। लेकिन इसी बीच कुछ फर्जी वेबसाइटें भी सक्रिय हो गई हैं, जो महिलाओं की व्यक्तिगत और बैंक से जुड़ी जानकारी चुराकर धोखाधड़ी कर सकती हैं।
इन वेबसाइटों से रहें सावधान- उदाहरण के तौर पर, https://hubcomut.in/ जैसी वेबसाइटें गूगल पर सर्च करने पर सामने आ रही हैं, जो नकली हैं। यदि कोई गलती से इन पर जाकर ई-केवाईसी करता है, तो उसके बैंक खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं। ई-केवाईसी सिर्फ और सिर्फ सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें- https://ladakibahin.maharashtra.gov.in/ekyc।
ई-केवाईसी क्यों जरूरी है- महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे के अनुसार, यह सत्यापन इसलिए जरूरी है ताकि योजना का लाभ सिर्फ पात्र महिलाओं को मिले। धोखाधड़ी और गलत लाभ लेने वालों को रोका जा सके। भविष्य में दूसरी योजनाओं में भी डिजिटल तरीके से लाभ मिल सके। प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया जा सके। सरकारी जाँच में यह पाया गया कि योजना में 26.34 लाख लोग अपात्र पाए गए हैं। इनमें पुरुष भी शामिल थे, जो इस महिला-विशेष योजना का गलत तरीके से लाभ ले रहे थे। अब तक इस योजना में करीब 2.25 करोड़ महिलाएं पंजीकृत हैं। सरकार अब यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सिर्फ सही व्यक्ति तक ही योजना का लाभ पहुँचे।
ई-केवाईसी कैसे करें- मोबाइल या कंप्यूटर से https://ladakibahin.maharashtra.gov.in/ekyc वेबसाइट खोलें। अपना आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें। ओटीपी के जरिए लॉगिन करें। मांगी गई जानकारी भरें और सत्यापन पूरा करें। यदि आपको ऑनलाइन करने में दिक्कत हो रही है, तो आप अपने नजदीकी सेवा केंद्र या महा ई-सेवा केंद्र की मदद ले सकते हैं।

















