वर्ष 1996 की वो घटना एक बार फिर से ताजा हो गई है, जब पंजाब के दो भाई ब्रिटेन जाने के लिए विमान के पहिए में छिप गए थे। अब करीब 29 साल बाद एक बार फिर से वही घटना दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर घटी है। यहां अफगानिस्तान से एक युवक विमान के पहिए में छिपकर भारत आ गया। यहां उसे सीआईएसएफ ने गिरफ्तार करके इमिग्रेशन विभाग को सौंप दिया है।
क्या है पूरा मामला ?
रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला कुछ यूं है कि रविवार को काबुल से सुबह 8.46 बजे दिल्ली के लिए काम एयरवेज की फ्लाइट संख्या RQ4401 उड़ान भरती है। करीब 94 मिनट तक की इस यात्रा में सब कुछ सामान्य रहता है। लेकिन, जैसे ही ये फ्लाइट राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करती है तो सभी यात्री बाहर आते हैं। लेकिन, वहां कर्मचारी रनवे पर एक किशोर को संदिग्ध हालात में घूमते हुए देखते हैं।
शक होते ही इसकी जानकारी सीआईएसएफ को दी जाती है। इसके तुरंत बाद सीआईएसएफ के अधिकारी वहां पहुंचते हैं और उसे हिरासत में ले लिया जाता है। पूछताछ के दौरान 13 वर्षीय किशोर बताता है कि वो विमान कि पहिए में छुपकर ईरान जाना चाहता था, लेकिन गलती से वो भारत जाने वाली फ्लाइट के पहिए में छिप गया। जब सीआईएसएफ को कुछ और संदिग्ध नहीं लगता है तो वे उसे इमिग्रेशन के हवाले कर देते हैं।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका का ICC पर ‘एंटिटी-वाइड सैंक्शन’: इजरायल युद्ध अपराध जांच के बदले कोर्ट की बढ़ीं मुश्किलें
हैरान हैं अधिकारी
इमिग्रेशन विभाग के अधिकारी इस बात से हैरान हैं कि आखिर किशोर जिंदा कैसे बच गया। क्योंकि, विमान के उड़ान भरते ही लैंडिग गियर का दरवाजा बंद हो जाता है। इसके अलावा 10,000 फिट की ऊंचाई पर ऑक्सीजन का स्तर बहुत ही कम हो जाता है। इससे सांस लेने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ताजा हो गई 1996 की घटना
इस घटना ने वर्ष 1996 की उस घटना को ताजा कर दिया है जब पंजाब के रहने वाले दो भाई प्रदीप सैनी (23) और विजय सैनी (19) ने विदेश जाने के लिए यही तरीका अपनाया था। वे दोनों विमान की लैंडिंग गियर में छिप गए थे। ब्रिटेन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर विमान के लैंड होने के बाद कर्मचारियों को भारी-भरकम चीज गिरी हुई दिखी। वहां जाकर देखा तो पता चला कि वो एक युवक है, जिसकी हालत खराब थी। हालांकि, उसकी सांस चल रही थी। इलाज के बाद युवक ने सारी घटना बताई कि कैसे वो अवैध तरीके से भारत से यूके पहुंचे।
हालांकि, इस दौरान छोटे भाई विजय की ठंड के कारण मौत हो गई थी। वह एयरपोर्ट के नजदीक ही 2000 फीट से नीचे गिर गया था। अब एक बार फिर से वैसी ही घटना दिल्ली में घटी है।

















