चंडीगढ़। पंजाब में शरारती तत्वों व अलगाववादी शक्तियों द्वारा प्रवासी मजदूरों के खिलाफ चलाए जा रहे घृणा अभियान में अब खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत पन्नू भी शामिल हो गया है। उसने इन श्रमिकों को 19 अक्टूबर तक पंजाब छोड़ने की गीदड़ भभकी दी है।
पंजाब के सीमांत जिले बटाला रेलवे स्टेशन पर सोमवार को जहरीले खालिस्तानी नारे लिखे दिखे। प्रवासियों को 19 अक्टूबर तक पंजाब छोड़ने की धमकी भी दी गई है। वहीं मामला सामने आने के बाद बटाला और रेलवे पुलिस सक्रिय हुई। डीएसपी सिटी संजीव कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और नारों को मिटाया गया।
उधर, अमेरिका में बैठे आतंकी गुरपतवंत पन्नू ने सोशल मीडिया पर बटाला के रेलवे स्टेशन पर इन जहरीले नारों को लिखने की जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पर कनाडा, अमेरिका, आस्ट्रेलिया में रह रहे अलगाववादी लोग पंजाब में रहने वाले प्रवासी मजदूरों के खिलाफ निरंतर जहर उगल रहे हैं। इन्हीं के प्रभाव में आकर कई पंचायतें संविधान की भावना से उलट जाकर इन मजदूरों के खिलाफ प्रस्ताव भी पारित कर चुकी हैं। संबंधित जिलों के उपायुक्तों व पंजाब सरकार ने इस अभियान व पंचायतों के प्रस्तावों को गलत बताया है परंतु समाज में जहर घोलने का यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब जहरीले पन्नू ने मौके का लाभ उठाते हुए पंजाब के वातावरण को और भी विषैला बनाने का प्रयास किया है।

















