उत्तराखंड ब्यूरो । देहरादून पुलिस ने सत्यापन अभियान के दौरान दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में स्थानीय पुलिस, एलआईयू और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे प्रभावी चैकिंग अभियान के दौरान पूजा विहार चन्द्रबनी क्षेत्र से 2 संदिग्ध महिलाएं मिलीं। गहन पूछताछ और तलाशी लेने पर यह स्पष्ट हुआ कि दोनों महिलाएं बांग्लादेश की नागरिक हैं।
दोनों महिलाओं ने अवैध रूप से पश्चिम बंगाल बॉर्डर से भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की बात स्वीकार की। एसएसपी ने बताया कि उनके पास से बांग्लादेशी परिचय पत्र और परिवार रजिस्टर का विवरण बरामद हुआ। इसके आधार पर दोनों को नियमानुसार बांग्लादेश डिपोर्ट करने की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के अंतर्गत पहले भी देहरादून में अवैध रूप से रह रहे 5 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर डिपोर्ट किया गया था तथा 7 बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था।
गिरफ्तार दो बांग्लादेशी महिला नागरिकों के विरुद्ध नियम अनुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा।
गिरफ्तार महिलाएं:
- यासमीन, पुत्री मोहम्मद तोहिद मियां, निवासी मकान/होल्डिंग शहीद मियां कॉलोनी, ग्राम/गली तेर रतन, पोस्ट सिलहट सदर, सिलहट नगर निगम, सिलहट, बांग्लादेश।
- राशिदा बेगम, पुत्री मोहम्मद उल्ला, निवासी ग्राम रामों, थाना व जिला चटग्राम, बांग्लादेश।

















