कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में भगवान शिव की सबसे ऊंची 54 फुट मूर्ति स्थापित की गई है। उत्तरी अमेरिका में यह भगवान शिव की सबसे ऊंची प्रतिमा बताई जा रही है। दुनिया भर के हिंदुुओं के लिए यह गर्व का पल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में हजारों भक्तों और पर्यटकों की मौजूदगी में ब्रैम्पटन में स्थित भवानी शंकर मंदिर परिसर में भगवान शिव की इस ऊंची विशाल प्रतिमा को लगाया गया है। इस भव्य समारोह में पारंपरिक प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठानों के साथ रथ यात्रा भी निकाली गई। समारोह में दुनिया के कोने-कोने से लोग शामिल हुए और भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। यह प्रतिमा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सांस्कृतिक और विरासत के लिहाज से भी ब्रैम्पटन की पहचान को और मजबूत करेगी।
भगवान शिव की मूर्ति को प्रसिद्ध मूर्तिकार नरेश कुमावत ने बनाया
इस विशाल मूर्ति को प्रसिद्ध मूर्तिकार नरेश कुमावत ने बनाया है। स्थानीय हिंदू समुदाय के सामूहिक प्रयास, चंदा और अन्य दान समेत स्वयंसेवकों के योगदान से इसे तैयार किया गया। बताया जा रहा है कि लगभग दो सालों की मेहनत के बाद प्रतिमा को बनाने का काम पूरा किया गया। मूर्ति में चमकते हुए रंग और बड़ा त्रिशूल दिखाई दे रहा है । इसकी ऊंचाई 54 फुट होने की वजह से ये पूरे शहर के अलग-अलग हिस्सों से दिखाई देती है। कुमावत को उनके भव्य सार्वजनिक शिल्प कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त है। भारतीय पौराणिक ग्रंथों, स्वतंत्रता संग्राम और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े उनके शिल्प दुनियाभर के 80 से अधिक देशों में स्थापित हैं, जो उन्हें आधुनिक भारत के प्रमुख सार्वजनिक कलाकारों में एक विशिष्ट स्थान प्रदान करते हैं।
Brampton’s Bhavani Shankar Mandir has unveiled a majestic 54-foot Shiva statue, now the tallest in North America. The grand Pran Pratishtha ceremony was marked by a vibrant parade, filling the streets with chants, music, and joyous devotees. pic.twitter.com/MzxAyNuxTD
— School_of_vedic_science (proudy Bhartiya) (@Schoolofvedics1) September 12, 2025
‘आने वाली पीढ़ियां होंगी प्रेरित’
भवानी शंकर मंदिर के अधिकारी थामेश सिंह ने कहा, “यह सिर्फ एक मूर्ति नहीं है, बल्कि एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मील का पत्थर है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। यह प्रतिमा ब्रैम्पटन की बहुसांस्कृतिक पहचान को और ऊंचा उठाती है। यह दिखाती है कि यहां विश्व की विविध परंपराएं कैसे फल-फूल रही हैं।” भवानी शंकर मंदिर संगठन साल 2007 में स्थापित हुआ था। मौजूदा मंदिर का निर्माण 2013 में शुरू हुआ और 2016 में पूरा हुआ। भवानी शंकर मंदिर ऐसा स्थान है, जहां लोग धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों में भाग ले सकते हैं।
कनाडा में भगवान शिव, हनुमान और राम की विशाल प्रतिमा
पिछले माह (4 अगस्त, 2025) कनाडा में भगवान राम की सबसे ऊंची मूर्ति का अनावरण किया गया। ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र के मिसिसॉगा शहर में हिंदू हेरिटेज सेंटर में वैदिक मंत्रोच्चार, भजनों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रसाद वितरण के बीच भगवान राम की सबसे ऊंची 51 फीट मूर्ति को स्थापित किया गया। चबूतरे के साथ मिलकर यह मूर्ति 70 फीट से भी ऊंची है।
बता दें कि ब्रैम्पटन के हिंदू सभा मंदिर में 55 फुट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा है, जो कनाडा में किसी भी हिंदू देवता की सबसे ऊंची प्रतिमा है। हिंदू देवताओं की ये तीनों मूर्तियां (हनुमान, राम और शिव) ब्रैम्पटन और ग्रेटर टोरंटो एरिया को आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बना रही हैं।

















