अगर आप शोर-शराबे से दूर, किसी शांत और प्राकृतिक जगह पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो उत्तराखंड का छोटा-सा हिल स्टेशन काणाताल आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। जहां नैनीताल और मसूरी जैसे हिल स्टेशन आमतौर पर भीड़ से भरे रहते हैं, वहीं काणाताल एक शांत, साफ-सुथरी और सुरम्य जगह है। यह जगह खासतौर पर उन लोगों के लिए है, जो शहरी जिंदगी की दौड़-भाग से थककर सुकून की तलाश में हैं।
कहाँ स्थित है काणाताल- काणाताल, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में स्थित है और यह देहरादून से लगभग 78 किलोमीटर की दूरी पर है। समुद्र तल से इसकी ऊँचाई करीब 8,500 फीट (2600 मीटर) है, जिससे यहां का मौसम साल भर ठंडा और खुशनुमा बना रहता है। कहा जाता है कि इस स्थान पर पहले एक छोटी सी झील हुआ करती थी, जिसका नाम “काणाताल” था। अब वह झील तो सूख चुकी है, लेकिन उसी के नाम पर इस गाँव का नाम भी काणाताल रख दिया गया। झील के सूख जाने के बाद भी, इस स्थान ने अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांति से लोगों का दिल जीत लिया है। काणाताल देवदार, बांज (ओक), और रोडोडेंड्रोन जैसे पेड़ों से घिरे हरे-भरे जंगलों के बीच बसा है। यहां से हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का शानदार दृश्य देखने को मिलता है। सुबह की ताज़ी हवा, चिड़ियों की चहचहाहट और साफ नीला आसमान किसी भी पर्यटक का मन मोह लेता है। यहाँ घूमने की जगहें-
सूर्यकुंड मंदिर एक छोटी पहाड़ी पर स्थित है, जहाँ तक पहुँचने के लिए थोड़ी-सी ट्रेकिंग करनी पड़ती है। मंदिर से हिमालय की चोटियों और आसपास की घाटियों का 360 डिग्री दृश्य बेहद मनमोहक होता है। काणाताल से कुछ ही दूरी पर एशिया की सबसे बड़ी मानव निर्मित झीलों में से एक टिहरी झील स्थित है। यहाँ आप बोटिंग, जेट स्कीइंग और अन्य वॉटर स्पोर्ट्स का मज़ा ले सकते हैं। यह रोमांच के शौकीनों के लिए एक आदर्श स्थान है। कोडिया जंगल, काणाताल से लगभग 1 किलोमीटर दूर है। यह जंगल अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और जैव विविधता के लिए जाना जाता है। यहाँ आप नेचर वॉक पर जा सकते हैं और दुर्लभ हिमालयी वनस्पतियों और पक्षियों को नजदीक से देख सकते हैं। काणाताल में कई जगहों पर कैम्पिंग की सुविधा भी मिलती है। आप खुले आसमान के नीचे टेंट में रह सकते हैं, रात को बोनफायर के पास बैठकर तारों से भरे आसमान का आनंद ले सकते हैं।
कब जाएं काणाताल- सितंबर से नवंबर- बारिश के बाद मौसम और भी साफ और सुंदर हो जाता है। यह समय ट्रेकिंग और नेचर वॉक के लिए बहुत अच्छा होता है।
कैसे पहुँचें- सड़क मार्ग से- देहरादून, ऋषिकेश या मसूरी से टैक्सी या बस द्वारा काणाताल आसानी से पहुँचा जा सकता है। रेल मार्ग से- सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन देहरादून है, जो देश के प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है। हवाई मार्ग से- नजदीकी हवाई अड्डा जॉली ग्रांट एयरपोर्ट (देहरादून) है, जहाँ से आप टैक्सी लेकर काणाताल पहुँच सकते हैं।












