शनिवार सुबह रूस के कामचटका प्रायद्वीप में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। यह भूकंप रूस के पूर्वी तट के पास आया जिसकी तीव्रता 7.1 से लेकर 7.4 के बीच आंकी गई है। भूकंप के बाद इलाके में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है, हालांकि अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
भारत के नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.0 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से 60 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप सुबह 8 बजकर 7 मिनट पर आया। वहीं, जर्मन भूवैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र (GFZ) ने इसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई और बताया कि इसका केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर से 111.7 किलोमीटर पूर्व में और 39.5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। USGS के अनुसार, यह भूकंप काफी शक्तिशाली था और इससे आसपास के इलाकों में झटके तेज़ी से महसूस किए गए।
भूकंप के बाद प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि इससे सुनामी आने की आशंका है। हालांकि, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने यह स्पष्ट किया है कि जापान के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में सुनामी का कोई खतरा नहीं है और उन्होंने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। यह भूकंप उसी क्षेत्र में आया है, जहां कुछ महीने पहले, जुलाई में, 8.8 तीव्रता का एक और शक्तिशाली भूकंप आया था। उस समय पूरे प्रशांत क्षेत्र में सुनामी की चेतावनी दी गई थी। ऐसे में विशेषज्ञ इस क्षेत्र को भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील मानते हैं। अब तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं आई है, लेकिन प्रशासन सतर्क है और समुद्र तटीय इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। राहत और बचाव दलों को तैयार रखा गया है ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुँचाई जा सके। भूकंप के बाद लोगों में डर का माहौल है और कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। विशेषज्ञों का कहना है कि इस क्षेत्र में भविष्य में और झटके महसूस हो सकते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

















