पंजाब के बठिंडा गांव जीदा में दो दिन पहले एक घर के भीतर एक के बाद एक दो ब्लास्ट हुए। धमाकों से युवक गुरप्रीत सिंह और उसका पिता घायल हुए। पुलिस ने गुरप्रीत के खिलाफ केस दर्ज किया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपी युवक गुरप्रीत सिंह के मोबाइल फोन से कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। वहीं एसएसपी अमनीत कोंडल का कहना है कि युवक रेडिकल इस्लामिक लडक़ों से ग्रुपों से जुड़ा था और इससे जुड़ी वीडियो देखता रहता था।
पुलिस उक्त पूरे मामले की हर एक एंगल से जांच कर रही है। मौके से मिली विस्फोटक सामग्री के सैंपल और युवक के मोबाइल को भी जांच के लिए लैब में भेजा गया है। एसएसपी ने बताया कि उक्त मामले में पुलिस ने सबसे पहले आरोपी युवक गुरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर किया है।
बम निरोधक टीम की कार्रवाई और आपत्तिजनक वीडियो बरामद
बम निरोधक टीम लगातार काम कर रही और रिमोट ऑप्रेटिव वाहन भी प्राप्त हो चुका है। युवक गुरप्रीत सिंह के मोबाइल फोन से पुलिस को कई आपत्तिजनक वीडियो के अलावा मुस्लिम रेडिकल लडक़ों की वीडियो बरामद हुई हैं। गुरप्रीत इन वीडियो को देखता था। इसके अलावा मोबाइल फोन से बम बनाने वाली वीडियो मिले हैं।
प्राथमिक पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वो ऐसी वीडियो देखता था और उसका ब्रेन वॉश किया जा रहा था। इसके अलावा युवक ने पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एसएसपी ने बताया कि सभी वीडियो की जांच चल रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक ने ब्लास्ट किस पदार्थ से किए और उक्त विस्फोटक सामग्री उसने कहां से ऑनलाइन मंगवाया था। पुलिस जांच में जिन अन्य लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनको भी नामजद किया जाएगा।
फाइनेंस और कॉलेज एंगल से भी जांच जारी
एसएसपी कोंडल ने बताया कि युवक के मोबाइल से ब्रेन वॉश करने और बम बनाने वाली वीडियो मिले हैं। उन्होंने बताया कि घायल युवक के फाइनेंस वाले एंगल से भी जांच चल रही है। शुक्रवार को गांव जीदा में ब्लास्ट वाले घर में जांच करने के लिए विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े अधिकारी पहुंचे थे। इसके अलावा पुलिस की एक टीम युवक गुरप्रीत के कॉलेज में जांच करने पहुंची, जहां गुरप्रीत एलएलबी की पढ़ाई करता था।
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच में खुफिया एजेंसियां सतर्क
सूत्र के अनुसार गुरप्रीत के मोबाइल से पाकिस्तान के कुछ नंबर मिले हैं। जिस के चलते खुफिया एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और युवक के पाकिस्तान के किन लोगों के साथ संबंध है, उनके बारे में गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।
गांव के लोगों के अनुसार शांत स्वभाव का था गुरप्रीत
गांव जीदा के लोग बताते हैं कि युवक गुरप्रीत सिंह ने गांव में कोई दोस्त नहीं बनाया, वो सिर्फ घर में रहकर पढ़ाई करता था। उसने 12वीं कक्षा में अच्छे नंबर प्राप्त करने के बाद एलएलबी की पढ़ाई शुरू कर दी थी। वो गांव में चुपचाप ही रहता था। किसी से ज्यादा मिलता जुलता भी नहीं था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

















