दक्षिणपंथी कार्यकर्ता और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की यूटा वैली यूनिवर्सिटी में हुई बेरहमी से हत्या पर एलन मस्क ने दुख और गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने इसे नृशंस हत्या करार देते हुए कहा कि गोली बहुत बुरी लग रही थी, लेकिन मुझे उम्मीद थी कि चार्ली किसी तरह बच जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने राजनीतिक हिंसा पर भी सवाल उठाए हैं।
एलन मस्क की प्रतिक्रिया
मस्क ने X पर लिखा, “गोली बहुत गंभीर लग रही थी, लेकिन मुझे उम्मीद थी कि चार्ली किसी तरह बच जाएंगे।” उन्होंने कुछ ब्लूस्काई यूजर्स पर इस हत्या का जश्न मनाने का आरोप लगाया और कहा, “ये दिखाता है कि हम किसके खिलाफ हैं।”
वामपंथियों पर हिंसा का आरोप
एलन मस्क जो कभी ट्रंप की कैबिनेट का हिस्सा थे, उन्होंने वामपंथियों पर देश में हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। उन्होंने वामपंथियों पर निशाना साधते हुए एक पोस्ट में लिखा, “वामपंथी, हत्या की पार्टी हैं।” उन्होंने ट्रंप के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का जिक्र करते हुए इस घटना को अमेरिका के लिए “काला दिन” बताया।
क्या हुआ यूटा में?
चार्ली किर्क अपनी ‘अमेरिकन कमबैक टूर’ के तहत यूटा वैली यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे, जब अचानक गोली चली। निगरानी फुटेज में दिखा कि गोली चलने से पहले एक संदिग्ध छत पर रेंग रहा था, जिसके बाद वह भाग गया। किर्क को गर्दन में गोली लगी और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। इस हमले से हजारों लोग दहशत में आ गए, और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। अभी तक हमलावर की पहचान या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे FBI पर जांच का दबाव बढ़ गया है।

















