दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आगामी त्योहारी सीजन में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) को दहलाने की साजिश को नाकाम करते हुए पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आतंकी देश के विभिन्न राज्यों से पकड़े गए हैं। पुलिस ने इनके पास से आईईडी (विस्फोटक उपकरण) बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, गिरफ्तार आतंकियों में से दो को दिल्ली से, एक को मध्य प्रदेश से, एक को हैदराबाद से तथा एक को रांची से पकड़ा गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये सभी आतंकी देश में अस्थिरता फैलाने की योजना बना रहे थे और त्योहारों के दौरान बड़े हमले की तैयारी में थे। इससे पहले बुधवार को दिल्ली पुलिस ने दो आतंकियों को रांची और दिल्ली से गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान अशरफ दानिश उर्फ अशहर दानिश और आफताब के रूप में हुई थी। ये दोनों आतंकी “गजवा-ए-हिंद” नामक आतंकी मॉड्यूल से जुड़े थे और मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर उन्हें जिहादी गतिविधियों के लिए उकसाते थे।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि इन आतंकियों के तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों और वहां की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े हुए हैं। इस सिलसिले में आठ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। इनसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ-साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), खुफिया ब्यूरो (आईबी) और अन्य केंद्रीय एजेंसियां गहन पूछताछ कर रही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियाँ सामने आई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह आतंकी मॉड्यूल भारत में व्यापक पैमाने पर हिंसा फैलाने की तैयारी में था। पुलिस को संदेह है कि इनके नेटवर्क में और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस द्वारा की जा रही जांच से और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

















