नई दिल्ली (हि.स.) । संसद भवन में आज देश के 17वें उप राष्ट्रपति पद के लिए मतदान हो रहा है। एनडीए उम्मीदवार महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और विपक्षी इंडी गठबंधन उम्मीदवार सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच मुकाबला है। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चल रहा है, जिसके बाद शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी।
प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्रियों ने डाले वोट
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुबह 10 बजे सबसे पहले मतदान किया। उनके साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव, किरेन रिजिजू, जी. किशन रेड्डी, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों ने भी वोट डाले।
विपक्षी नेताओं का रुख और बयान
इंडी गठबंधन उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि वह लोगों की अंतरात्मा को जगाने का प्रयास कर रहे हैं और जीत को लेकर आश्वस्त हैं। वहीं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर ने भी मतदान किया। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा व्हीलचेयर पर पहुंचकर वोट डाले।
भाजपा नेताओं का आत्मविश्वास
भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा कि पार्टी इस चुनाव को गंभीरता से ले रही है और एक अच्छे अंतर से जीतने का विश्वास रखती है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी दावा किया कि सीपी राधाकृष्णन विजयी होंगे।
अखिलेश यादव का भाजपा पर आरोप
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदान के बाद भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा का काम हमेशा दलों को इस्तेमाल करके बर्बाद करना रहा है।
बीजद, बीआरएस और अकाली दल ने मतदान से दूरी बनाई
बीजद के सात राज्यसभा सांसदों ने कहा कि उनकी पार्टी एनडीए और इंडी गठबंधन दोनों से समान दूरी बनाए रखना चाहती है। बीआरएस ने यूरिया की कमी पर विरोध जताते हुए मतदान से दूरी बनाई। वहीं, अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब में बाढ़ और केंद्र की निष्क्रियता का हवाला देकर वोट नहीं डाला।
मतदान में पात्र सांसदों की संख्या
कुल 788 सांसदों में से 781 सांसद मतदान के पात्र थे। लेकिन बीजद, बीआरएस और अकाली दल के 14 सांसदों ने दूरी बनाई, जिससे संख्या घटकर 767 रह गई। अब बहुमत का आंकड़ा 384 तय हुआ है।
एनडीए का संख्या बल
लोकसभा में एनडीए के पास 293 सांसदों का समर्थन है, जिसमें बीजेपी के 240, टीडीपी के 16, जेडीयू के 12, शिवसेना के सात और लोजपा के पांच सांसद शामिल हैं। राज्यसभा में एनडीए के पास 125 सांसदों का समर्थन है, जिसमें बीजेपी के 102 और वाईएसआर कांग्रेस के सात सांसद भी शामिल हैं।

















