पंजाब की राजनीति में भी बाढ़ आ गई लगती है, मुख्यमंत्री भगवंत मान के भाई ज्ञान सिंह मान की ओर से सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट से सियासी गलियारों में खलबली मच गई है। मुख्यमंत्री के भाई ने एक विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और घोटाले की आशंका की तरफ इशारा किया है।
भ्रष्टाचार की आशंका
सीएम के भाई की इस पोस्ट का सियासी माहिर गंभीर मायने निकाल रहे हैं और मुख्यमंत्री के बीमार होने को इस संदर्भ में जोड़कर देख रहे हैं। ज्ञान सिंह मान की पोस्ट ने कहीं न कहीं संकेत दिए हैं कि सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। गृह जिले के दौरों के दौरान मुख्यमंत्री के साथ साये की तरह रहने वाले ज्ञान सिंह मान की पोस्ट इशारा कर रही है कि खुद मुख्यमंत्री भी इस पूरे घटनाक्रम से नाराज होंगे।
ज्ञान सिंह मान की पोस्ट का विवरण
ज्ञान सिंह मान ने पोस्ट में लिखा है बरसाती नालों की सफाई न होने के कारण शहरों और गांवों में लोगों के घरों, दुकानों और फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस काम के लिए जारी किए गए 250 करोड़ रुपये से भी अधिक की राशि आखिर कहां गायब हो गई? इनमें से 40 लाख रुपये जल स्रोत मंत्री वरिंदर गोयल के हलका लहरा के लिए भी जारी किए गए थे।
सरकार से जांच की मांग
क्या सफाई नालों की हुई या 250 करोड़ रुपये की? सरकार को इस पूरे मामले की जांच करवाकर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। बता दें कि सीएम के भाई ने यह पोस्ट सोशल मीडिया पर पंजाबी में किया था।
















