लखनऊ के एमिटी यूनिवर्सिटी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक सेकेंड ईयर के लॉ स्टूडेंट को उसके सहपाठियों ने कैंपस के पार्किंग लॉट में कार के अंदर बेरहमी से पीटा। इस घटना का 101 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने यूनिवर्सिटी की सुरक्षा और छात्रों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या हुआ?
26 अगस्त को शिखर मुकेश केसरवानी, जो बीए एलएलबी का छात्र है, अपनी दोस्त सौम्या सिंह यादव की कार में कैंपस पहुंचा। वहां पांच सहपाठियों—आयुष यादव, जाह्नवी मिश्रा, मिलय बनर्जी, विवेक सिंह और आर्यमन शुक्ला—ने उसे कार में बिठाकर करीब 45 मिनट तक धमकाया और गालियां दीं। वीडियो में दिखता है कि जाह्नवी बार-बार शिखर को थप्पड़ मार रही है और कह रही है, “हाथ नीचे कर।” आयुष भी उसे मारता है और जाह्नवी व सौम्या के बारे में कुछ बोलने का आरोप लगाता है। शिखर को 50-60 बार थप्पड़ मारे गए और उसका फोन तोड़ दिया गया।
इस वीडियो को इनसाइट स्टार नाम के एक्स यूजर ने एक्स पर शेयर किया है। यूजर लिखता है, ‘लखनऊ के एमिटी विश्वविद्यालय में एक परेशान करने वाली घटना, जहां एक कानून के छात्र को सहपाठियों द्वारा 90 सेकंड के भीतर 26 थप्पड़ मारे गए, जैसा कि एक वायरल वीडियो में कैद हुआ है, जो कैंपस हिंसा और बदमाशी के गंभीर मुद्दों को उजागर करता है।’
India 🇮🇳 A disturbing incident at Amity University in Lucknow, where a law student was subjected to 26 slaps within 90 seconds by classmates, as captured in a viral video, highlighting severe issues of campus violence and bullying. pic.twitter.com/HSDocSXcVx
— InsightRadar (@InsightRadarX) September 6, 2025
पिता की शिकायत और FIR
शिखर के पिता, मुकेश केसरवानी ने चिनहट थाने में शिकायत दर्ज की, जिसके आधार पर पांचों छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज हुई। मुकेश ने बताया कि उनका बेटा इस घटना से इतना डर गया है कि अब कॉलेज नहीं जाता। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन यूनिवर्सिटी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया। एक प्रवक्ता ने कहा कि वे वीडियो की सत्यता की जांच कर रहे हैं।

















