दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां करीब एक करोड़ रुपये का सोने-हीरे से जड़ा कलश चोरी हो गया है। पीड़ित कारोबारी सुधीर जैन ने कोतवाली थाने में इसकी एफआईआर दर्ज कराई है। दिल्ली पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर ली है जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की उम्मीद है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मंगलवार (2 सितंबर) को लाल किला परिसर में आयोजित जैन धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हुई। दिल्ली पुलिस ने शनिवार (6 सितंबर) को घटना की जानकारी दी है। दरअसल, लाल किला परिसर में 28 अगस्त से जैन धार्मिक अनुष्ठान चल रहा है, जो 9 सितंबर तक चलेगा। इसके लिए विशेष मंच तैयार किया गया था, जहां केवल धोती-कुर्ता पहने और अनुमति प्राप्त लोगों को ही बैठने को कहा गया था। समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी शामिल हुए थे।
पुलिस ने बताया कि सिविल लाइंस कारोबारी सुधीर जैन हर दिन अपने घर से पूजा के लिए कलश लाते थे। पिछले मंगलवार को भी वे पूजा के लिए कलश लेकर पहुंचे थे। कलश को पूजा स्थल पर रख दिया गया और अनुष्ठान के लिए आसपास श्रद्धालु बैठ गए, लेकिन कुछ समय बाद ही कलश समारोह के बीच में मंच से गायब हो गया। इसकी कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। 760 ग्राम सोने से बने कलश पर 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्ने जड़े थे।
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी
कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से एक संदिग्ध की पहचान की गई है, जो कई दिन से धोती-कुर्ता पहनकर आयोजन स्थल के आसपास घूम रहा था। उसने आयोजकों और श्रद्धालुओं का विश्वास जीत लिया और मौके का फायदा उठाकर मंच तक पहुंच गया। जैसे ही ओम बिड़ला के आने का समय हुआ अफरा तफरी मच गई। इस बीच उसने कलश छिपाया और भीड़ के मंच पर लौटने से पहले फरार हो गया। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की उम्मीद है।
यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी लाल किले की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आ चुका है। इस वर्ष 2 अगस्त को लाल किले की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी एक डमी बम का पता नहीं लगा पाए थे।

















