सूर्या हांसदा के एनकाउंटर मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग हरकत में आ गया है। आयोग ने इस मामले की छानबीन के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है और उन्हें इसकी जांच के लिए झारखंड जाने का आदेश भी जारी किया गया है। इस बात की जानकारी NHRC के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की है।
उन्होंने कहा कि आयोग को वनवासी नेता सूर्या हांसदा की फर्जी एनकाउंटर के जरिए हत्या किए जाने को लेकर शिकायत मिली है। इसी पर अमल करते हुए विशेष जांच दल का गठन किया गया है। बता दें कि इस घटना को लेकर भाजपा की उपाध्यक्ष आरती कुजूर और वकील आदिदेव वर्मा ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आय़ोग से मुलाकात की थी।
झारखंड के गोड्डा ज़िले में आदिवासी नेता सूर्या हांसदा की फ़र्ज़ी एनकाउंटर के माध्यम से हत्या किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है।
इसकी जाँच के लिए दिल्ली से विशेष जाँच दल गठित कर अनुसंधान हेतु झारखंड जाने के आदेश कर दिए गए हैं। pic.twitter.com/moVbwxooM7— प्रियंक कानूनगो Priyank Kanoongo (@KanoongoPriyank) August 30, 2025
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि सूर्या हांसदा झारखंड के गोड्डा जिले के आदिवासी नेता थे। पुलिस ने उन्हें दुर्दांत अपराधी करार देते हुए उनका एनकाउंटर किया था। इस घटना के बाद प्रदेश में सियासी घमासान छिड़ गया। भाजपा ने इस एनकाउंटर को फर्जी करार देते हुए मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।
राज्यपाल से भाजपा नेताओं ने की मुलाकात
सूर्या हांसदा की हत्या के मामले में एक दिन पहले ही प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन दिया और उन्हें राज्य सरकार और पुलिस की तानाशाही को लेकर बताया। साथ ही एनकाउंटर की सीबीआई से जांच कराने और रैयत किसानों की उपजाऊ जमीन पर प्रस्तावित रिम्स-2 के निर्माण को रोकने की मांग की थी।
खुद को बचाने के लिए एनकाउंटर
भाजपा ने राज्यपाल से आरोप लगाया है कि सूर्या हांसदा, जिन्हें पुलिस अपराधी बता रही है। असल में वो भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में भरोसा रखने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने बोरियो विधानसभा से लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत ही चार बार चुनाव भी लड़ा था। अब पुलिस ने अपने दामन को बचाए ऱखने के लिए उनका एनकाउंटर कर दिया है। गोड्डा पुलिस ने ये हत्या राजनीतिक दबाव में आकर की है। इसलिए इस मामली की सीबीआई जांच से ही सत्य का खुलासा होगा और दोषियों को सजा मिल सकती है।

















