संभल हिंसा की जांच रिपोर्ट आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में कहा कि उनकी सरकार किसी भी क्षेत्र की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को बदलने नहीं देगी और जो ऐसा करने की कोशिश करेगा, उसे खुद पलायन करना पड़ेगा। न्यायिक आयोग की रिपोर्ट आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया है।
प्रतापगढ़ में सीएम योगी की प्रतिक्रिया
प्रतापगढ़ में सीएम योगी ने संभल मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में चुन चुन कर हिंदुओं को निशाना बनाया जाता था। पहले की सरकारें जानबूझकर हिंदुओं की डेमोग्राफी को कम करके उन पर अत्याचार करवाती थीं और दंगे कराकर क्षेत्रों को “हिंदू विहीन” बना देती थीं।
डबल इंजन सरकार और जनता के अधिकार
अब ‘डबल इंजन’ की सरकार है, जो किसी भी क्षेत्र की डेमोग्राफी को नहीं बदलने देगी। जो कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा, उसे खुद प्रदेश और जिले से पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। क्योंकि, अब बिना भेदभाव के शासन की योजना का लाभ हर नागरिक को प्राप्त हो रहा है। अब तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टीकरण के माध्यम से सशक्तिकरण की तरफ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं।
















