दिल्ली की जनता के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली सरकार एक नई और आधुनिक सुविधा शुरू करने जा रही है, जिसके तहत अब आपको जरूरी सरकारी दस्तावेजों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह सुविधा पूरी तरह डिजिटल होगी और इसके जरिए आप अपने मोबाइल फोन पर ही व्हॉट्सएप के माध्यम से जरूरी डॉक्यूमेंट मंगवा सकेंगे।
क्या है यह नई सुविधा- दिल्ली सरकार ने ‘व्हॉट्सएप गवर्नेंस सिस्टम’ शुरू किया है, जो ‘डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन स्ट्रैटेजी’ का हिस्सा है। इसके जरिए आप अब घर बैठे अपने मोबाइल से जरूरी सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। चाहे आपको विवाह प्रमाणपत्र चाहिए, जाति प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाणपत्र या कोई और जरूरी दस्तावेज, सब कुछ अब आपको एक क्लिक पर मिलेगा। इस सेवा को शुरू करने के लिए दिल्ली सरकार ने मेटा कंपनी (जो व्हॉट्सएप चलाती है) के साथ साझेदारी की है। शुरुआत में सरकार ने 25 से 30 सेवाओं को इस सिस्टम में जोड़ा है। आगे चलकर इसमें और भी विभाग और सेवाएं जोड़ी जाएंगी। इसका उद्देश्य है – जनता को बिना परेशानी, तेज़ और पारदर्शी सेवा देना।
यह सेवा कैसे काम करेगी- सबसे पहले सरकार के दिए स्पेशल व्हाट्सएप नंबर पर “Hi” भेजें। इसके बाद एक एआई चैटबॉट आपकी मदद करेगा। यह चैटबॉट हिंदी और अंग्रेजी दोनों में काम करता है। आपसे जरूरी जानकारी और पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगे जाएंगे, जैसे आधार नंबर, मोबाइल नंबर आदि। इसके बाद दस्तावेज की वेरिफिकेशन प्रक्रिया होगी। दस्तावेज तैयार होने के बाद आपको एक क्यूआर कोड मिलेगा, जिससे आप सीधे अपने फोन पर डिजिटल सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे।
अगर आपके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट नहीं है- अगर किसी व्यक्ति के पास स्मार्टफोन नहीं है या इंटरनेट की सुविधा नहीं है, तो चिंता की बात नहीं है। सरकार इसके लिए हर जिले में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) बनाएगी। इन सेंटरों पर जाकर कोई भी व्यक्ति इन सुविधाओं का लाभ ले सकता है। यहां काम करने वाले लोग आपकी मदद करेंगे ताकि आपको भी जरूरी दस्तावेज मिल सकें। इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह 24 घंटे और 7 दिन उपलब्ध होगी। यानी अगर आपको रात के 1 बजे भी कोई सरकारी दस्तावेज चाहिए, तो आप अपने मोबाइल पर व्हॉट्सएप खोलकर सेवा का उपयोग कर सकते हैं। अब आपको किसी सरकारी दफ्तर की लंबी लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा, और न ही बार-बार चक्कर लगाने होंगे। आप घर बैठे ही अपने मोबाइल से सेवा का लाभ ले सकते हैं।
पहले से मौजूद सेवाओं का विस्तार- दिल्ली सरकार इससे पहले भी जनता की सुविधा के लिए ‘डोरस्टेप डिलीवरी’ सेवा शुरू कर चुकी है, जिसके अंतर्गत 30 से अधिक सरकारी विभागों की सेवाएं घर पर पहुंचाई जाती थीं। अब बीजेपी सरकार इस सिस्टम को एक कदम आगे बढ़ाते हुए डिजिटल रूप में लागू कर रही है। अब आपका मोबाइल फोन एक सरकारी कार्यालय की तरह काम करेगा, जहां से आप एक जगह पर सभी जरूरी दस्तावेज पा सकेंगे।

















