बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस के नेता राहुल गांधी यात्रा निकाल रहे हैं। उनकी रैली में शर्मनाक घटनाएं हो रही हैं और वे चुप हैं। दरभंगा में राहुल गांधी की चुनावी यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां हीराबेन के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। भाजपा ने इसे बेहद शर्मनाक कहा है।
भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर कहा गया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माताजी के लिए बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई। यह यात्रा अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है।
तेजस्वी और राहुल ने पहले बिहार के लोगों का अपमान करने वाले स्टालिन और रेवंत रेड्डी जैसे नेताओं को अपनी यात्रा में बुलाकर बिहारवासियों को अपमानित कराया। अब उनकी हताशा की स्थिति यह है कि वे प्रधानमंत्री मोदी जी की पूज्य स्वर्गीय माताजी को गाली दिलवा रहे हैं। तेजस्वी और राहुल ने अपने मंच से इतनी गंदी भाषा का प्रयोग कराया है कि उसे सार्वजनिक मंच पर दोहराना भी संभव नहीं। यह ऐसी गलती है कि राहुल और तेजस्वी अगर हजार बार कान पकड़कर उठक-बैठक करके भी माफी मांगें, तब भी बिहार की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कहा कि राहुल गांधी की ‘गाली की दुकान’ सील होगी और इसकी शुरुआत बिहार से होगी। दरभंगा में एक सभा के दौरान राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां को कहे गए अपशब्द को लेकर पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में एक मर्यादा होती है। आज भाषा की मर्यादा तार-तार हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी की मां के लिए कटुता और असभ्य भाषा का प्रयोग होना मर्यादा के खिलाफ है। भाजपा प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस को अपनी भाषा के लिए शर्मसार होना चाहिए। कांग्रेस अब स्वतंत्र गाली वाली पार्टी बन गई है। नकली गांधी परिवार की हार से छटपटाहट इस कदर बढ़ गई थी कि अब वे भारत के प्रधानमंत्री की मां को गाली देने से नहीं चूक रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस प्रकार की भाषा देख रही है, उसका जवाब भी देगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री के लिए तू तड़ाक की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जनता देख रही है। प्रधानमंत्री 140 करोड़ जनता के प्रधानमंत्री हैं। अमर्यादित भाषा को लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। पात्रा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने मणिशंकर अय्यर की जगह को भरने का काम किया है। चुनाव आयोग को चोर कहना और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की आदत बन गई है। कांग्रेस पहले गली-गली की पार्टी हुआ करती थी अब वो गाली की पार्टी बन गई है।
धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्ष की मानसिकता पर सवाल उठाए
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने टिप्पणी को “बेहद शर्मनाक और निंदनीय” बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह टिप्पणी इंडी गठबंधन की प्रधानमंत्री मोदी के प्रति “नफरत की पराकाष्ठा” को दर्शाती है, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव भी शामिल हैं। राजद-कांग्रेस के चुनावी मंच से की गई यह टिप्पणी न केवल प्रधानमंत्री का अपमान है, बल्कि हर उस भारतीय का भी अपमान है जो अपनी माँ को ईश्वरतुल्य मानता है। बिहार को अपमानित करने के बाद अब विपक्षी नेता प्रधानमंत्री की दिवंगत माताजी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आचरण इन नेताओं की “खोखली मानसिकता और गहरी हताशा” को उजागर करता है, जो जनता का समर्थन न मिलने से उपजी है।
राजनीतिक हताशा में सामाजिक मर्यादाएं तोड़ रहे राहुल-तेजस्वीः चुग
भाजपा महासचिव तरुण चुग ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, पर किसी की मां का अपमान करना घोर निंदनीय है। यह आचरण बताता है कि राहुल और तेजस्वी ने जनता का विश्वास खो दिया है और अब वे राजनीतिक हताशा में सामाजिक मर्यादाओं को तोड़ रहे हैं। बिहार की जनता ने अपमान को कभी स्वीकार नहीं किया है। राहुल और तेजस्वी यदि हजार बार भी माफी मांग लें, तब भी इस अभद्रता के लिए उनको माफ नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी और तेजस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास से डरकर झूठी बातें फैला रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ईमानदारी से देश की सेवा कर रहे हैं। जनता उनपर सच्चे मन से भरोसा करती है। चुग ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर भी हमला बोला। चुग ने कहा कि प्रचार में व्यस्त मुख्यमंत्री मान केंद्र की योजनाओं को अपना बताकर जनता को सिर्फ गुमराह करते हैं। पंजाब कर्ज़, बेरोज़गारी और बदहाल कानून व्यवस्था से जूझ रहा है। अब जनता जान चुकी है कि झूठे वादों और दिखावे से नहीं, काम से विकास होता है।

















